जून से ऑनलाइन मिलेंगे 100 साल से पुराने दस्तावेज
मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग ने राज्य के सभी निबंधन कार्यालयों में सुरक्षित रखे पुराने रजिस्ट्री पेपर को डिजिटल करने का काम लगभग पूरा कर लिया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार स्कैनिंग प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जून महीने से विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर 1908 से अब तक के सभी उपलब्ध दस्तावेज ऑनलाइन देखे और डाउनलोड किए जा सकेंगे।
पहले से डिजिटल हैं 1990 के बाद के रिकॉर्ड
विभाग ने बताया कि वर्ष 1990 से 2005 तक के रजिस्ट्री दस्तावेज पहले ही स्कैन कर ऑनलाइन किए जा चुके हैं। वहीं 2006 के बाद से रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी तरह कंप्यूटराइज्ड है। अब 1908 से 1990 तक के पुराने रिकॉर्ड को भी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाया जा रहा है।
600 रुपये में मिलेगा ई-रजिस्ट्री पेपर
ऑनलाइन रजिस्ट्री दस्तावेज प्राप्त करने के लिए आवेदक को खाता नंबर, प्लॉट नंबर समेत आवश्यक विवरण दर्ज करना होगा। इसके बाद 600 रुपये का शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा। भुगतान के तुरंत बाद ई-रजिस्ट्री पेपर डाउनलोड किया जा सकेगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह दस्तावेज सरकारी और निजी, दोनों कार्यों के लिए पूरी तरह मान्य होगा।
लोगों की बड़ी समस्या होगी खत्म
अब तक पुराने रजिस्ट्री दस्तावेज निकलवाने के लिए लोगों को मैनुअल आवेदन देना पड़ता था और महीनों तक कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। नई ऑनलाइन व्यवस्था से जमीन विवाद, बैंक लोन, कोर्ट केस और पारिवारिक बंटवारे जैसे मामलों में दस्तावेज प्राप्त करना आसान और पारदर्शी हो जाएगा। विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://nibandhan.bihar.gov.in से दस्तावेज प्राप्त किये जा सकेंगे।

0 comments:
Post a Comment