बिहार सरकार की 2 बड़ी घोषणाएं, शिक्षकों के लिए खुशखबरी

पटना। बिहार विधानसभा में चल रहे बजट सत्र के दौरान राज्य सरकार ने शिक्षकों से जुड़ी दो महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। प्रश्नकाल के समय सदन में उठे सवालों के जवाब में शिक्षा मंत्री ने ट्रांसफर और पोस्टिंग को लेकर सरकार की आगे की योजना स्पष्ट की, जिससे हजारों शिक्षकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

विधानसभा में माले विधायक संदीप सौरभ ने शिक्षकों की स्थानांतरण प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाया। इस पर जवाब देते हुए शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि सरकार शिक्षकों की समस्याओं को समझते हुए व्यावहारिक समाधान की दिशा में काम कर रही है।

टीआरई-3 शिक्षकों के लिए जून–जुलाई से प्रक्रिया संभव

शिक्षा मंत्री ने बताया कि टीआरई-3 के तहत नियुक्त शिक्षकों के ट्रांसफर को लेकर सरकार गंभीरता से विचार कर रही है। जिन शिक्षकों की नियुक्ति को एक वर्ष पूरा हो जाएगा, उनके लिए स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू की जाएगी। टीआरई-3 शिक्षकों का एक साल जून–जुलाई में पूरा होगा, जिसके बाद ट्रांसफर की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

म्यूचुअल ट्रांसफर फिर से लागू हो सकता है

सरकार ने यह भी संकेत दिया कि म्यूचुअल ट्रांसफर व्यवस्था को दोबारा शुरू किया जा सकता है। इसके तहत शिक्षक आपसी सहमति के आधार पर अपनी पोस्टिंग बदल सकेंगे। शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस व्यवस्था को फिर से लागू करने पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।

शिक्षकों में बढ़ा भरोसा

सरकार की इन घोषणाओं से शिक्षकों में उम्मीद जगी है। यदि तय समयसीमा के अनुसार फैसले लागू होते हैं, तो इससे शिक्षकों की कार्यसंतुष्टि और शिक्षा व्यवस्था दोनों को मजबूती मिलेगी।

0 comments:

Post a Comment