बिहार में चौकीदार-दफादार की जल्द होगी भर्ती, नियमावली हुई तैयार

पटना। बिहार में चौकीदार और दफादार पदों पर नियुक्ति का रास्ता अब साफ होता दिख रहा है। राज्य सरकार ने इस दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए बिहार चौकीदार संवर्ग नियमावली 2026 का प्रारूप तैयार कर लिया है। फिलहाल इस प्रारूप पर बिहार पुलिस के क्षेत्रीय पदाधिकारियों से मंतव्य लिया जा रहा है। इसके बाद गृह विभाग की ओर से इसे अधिसूचित किया जाएगा।

जिला स्तर पर होगा संवर्ग

प्रारूप के अनुसार चौकीदार पद को संवर्ग की मूल कोटि माना गया है। यह पूरी तरह जिला स्तरीय संवर्ग होगा। चौकीदारों की नियुक्ति और प्रशासनिक नियंत्रण की जिम्मेदारी संबंधित जिले के जिलाधिकारी (DM) के पास होगी।

योग्यता और आयु सीमा तय

चौकीदार पद पर आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड या संस्थान से 10वीं या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही अभ्यर्थी को साइकिल चलाने का ज्ञान होना जरूरी होगा। सामान्य वर्ग के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष निर्धारित की गई है। उम्मीदवार केवल अपने स्थायी निवासी जिले में उपलब्ध रिक्त पदों के लिए ही आवेदन कर सकेंगे।

हर साल तय होंगी रिक्तियां

नियमावली के अनुसार, जिलाधिकारी को हर वर्ष 1 अप्रैल की स्थिति के आधार पर अपने जिले में चौकीदार पदों की रिक्तियों का आकलन करना होगा। इसके बाद रोस्टर क्लियरेंस प्राप्त कर कोटिवार रिक्तियों की अधियाचना 30 अप्रैल तक गृह विभाग को भेजनी होगी।

दो चरणों में होगी चयन प्रक्रिया

चौकीदार पदों पर भर्ती के लिए चयन प्रक्रिया दो स्तरों पर आयोजित की जाएगी। लिखित परीक्षा: 75 अंक, शारीरिक परीक्षा: 50 अंक, कुल 125 अंकों की परीक्षा के आधार पर जिलावार मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी और कोटिवार रिक्तियों के अनुसार अंतिम चयन किया जाएगा।

भर्ती का इंतजार जल्द होगा खत्म

नई नियमावली लागू होने के बाद वर्षों से लंबित चौकीदार–दफादार भर्ती प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद है। इससे न केवल ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी, बल्कि राज्य के हजारों युवाओं को रोजगार का अवसर भी मिलेगा।

0 comments:

Post a Comment