12,930 करोड़ की विकास परियोजनाएं
मेरठ में आयोजित जनसभा के दौरान करीब 12,930 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। इन योजनाओं का मकसद क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और शहरी जीवन को अधिक सुगम बनाना है।
दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर राष्ट्र को समर्पित
प्रधानमंत्री 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह देश की पहली नमो भारत रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) परियोजना है, जिसकी डिजाइन स्पीड 180 किमी प्रति घंटा है। इस परियोजना के तहत दिल्ली में सराय काले खां से न्यू अशोक नगर तक और मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक के हिस्सों को चालू किया जाएगा। मेरठ में शताब्दी नगर, बेगमपुल और मोदीपुरम स्टेशन भी इस चरण में शुरू होंगे।
मेरठ मेट्रो भारत की सबसे तेज मेट्रो
मेरठ मेट्रो को देश की सबसे तेज मेट्रो प्रणालियों में शामिल किया जा रहा है। इसकी अधिकतम परिचालन गति लगभग 120 किमी प्रति घंटा होगी। सभी निर्धारित स्टेशनों पर रुकते हुए यह करीब 30 मिनट में दूरी तय करेगी। खास बात यह है कि नमो भारत और मेरठ मेट्रो एक ही इंफ्रास्ट्रक्चर पर संचालित होंगी। यह मॉडल देश में पहली बार लागू किया जा रहा है।
इस सौगात से नागरिकों को राहत
इस हाई-स्पीड कॉरिडोर के शुरू होने से सड़क यातायात का दबाव कम होगा और कार्बन उत्सर्जन में भी गिरावट आएगी। आधुनिक और टिकाऊ सार्वजनिक परिवहन प्रणाली की दिशा में यह कदम शहरी गतिशीलता को नया आयाम देगा। यह परियोजना पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए विकास और कनेक्टिविटी का नया अध्याय खोलने जा रही है, जिससे लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
0 comments:
Post a Comment