रेलवे में नौकरियों की सुनामी! 11,127 ALP पदों पर मेगा भर्ती का ऐलान

नई दिल्ली। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे तकनीकी पृष्ठभूमि के युवाओं के लिए बड़ी खबर है। भारतीय रेलवे में वर्ष 2026 के दौरान सहायक लोको पायलट (ALP) के 11,127 रिक्त पदों को भरने की मंजूरी मिल गई है। यह भर्ती देश के 17 रेल जोनों में की जाएगी और इसके लिए जल्द ही केंद्रीकृत अधिसूचना जारी होगी।

रेलवे बोर्ड की ओर से सभी जोनल महाप्रबंधकों को भेजे गए निर्देश में बताया गया है कि मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली (HRMS) के जरिए रिक्तियों का आकलन करने के बाद सक्षम प्राधिकारी ने इस भर्ती प्रक्रिया को स्वीकृति दे दी है। भर्ती लेवल-2 के पदों पर सेंट्रलाइज्ड एम्प्लॉयमेंट नोटिफिकेशन (CEN) के तहत आयोजित होगी।

किन जोनों में कितने पद?

सबसे अधिक भर्तियां पूर्वी तटीय रेलवे (1625) और दक्षिण पूर्व रेलवे (1531) में होंगी। इसके अलावा प्रमुख जोनों में रिक्तियां इस प्रकार हैं:

मध्य रेलवे – 1400, पूर्व मध्य रेलवे – 700, पूर्व रेलवे – 608, उत्तर मध्य रेलवे – 457, उत्तर रेलवे – 740, उत्तर पश्चिम रेलवे – 600, उत्तर पूर्व सीमांत रेलवे – 1276, दक्षिण मध्य रेलवे – 674, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे – 200, दक्षिण रेलवे – 250, दक्षिण पश्चिम रेलवे – 200, पश्चिम मध्य रेलवे – 541, पश्चिम रेलवे – 214, पूर्वोत्तर रेलवे – 105, चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्क्स – 06, उत्तर मध्य रेलवे में भी 457 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू होगी।

एक सप्ताह में आगे बढ़ेगी प्रक्रिया

रेलवे बोर्ड ने जोनों को निर्देश दिया है कि वे एक सप्ताह के भीतर अंतिम इंडेंट प्रक्रिया पूरी करें। भर्ती प्रक्रिया रेलवे भर्ती बोर्ड बंगलूरू के माध्यम से आयोजित की जाएगी। आवेदन तिथियां, योग्यता, आयु सीमा और अन्य शर्तें आधिकारिक अधिसूचना में स्पष्ट की जाएंगी।

आरक्षण नियमों का पालन

भर्ती में एससी, एसटी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस और अन्य आरक्षित वर्गों के लिए तय नियमों का पालन किया जाएगा। बैकलॉग और वर्तमान रिक्तियों को मिलाकर पद भरे जाएंगे। नई नियुक्तियों से लंबे समय से ट्रांसफर की प्रतीक्षा कर रहे कर्मचारियों को भी राहत मिलने की संभावना है।

युवाओं के लिए बड़ा मौका

यह भर्ती तकनीकी योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए बड़ा अवसर है। बड़ी संख्या में पदों के कारण प्रतिस्पर्धा तो रहेगी, लेकिन चयनित उम्मीदवारों के लिए रेलवे में स्थायी और प्रतिष्ठित करियर का रास्ता खुलेगा। सरकारी नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए यह साल खास साबित हो सकता है।

0 comments:

Post a Comment