बिहार में बरसेंगे बादल! 19 जिलों में आंधी-पानी की चेतावनी

पटना। बिहार में मॉनसून दस्तक दे चुका है, लेकिन इसके बावजूद लोगों को गर्मी और उमस से पूरी तरह राहत नहीं मिल पाई है। कई इलाकों में तापमान अभी भी 40 डिग्री के आसपास बना हुआ है। हालांकि राहत की बात यह है कि प्रदेश में फिलहाल कहीं भी भीषण लू जैसी स्थिति नहीं है। मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है और कई जगहों पर अचानक तेज हवा के साथ बारिश हो रही है।

आज 19 जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने आज राज्य के 19 जिलों में बारिश और आंधी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

आपको बता दें की अलर्ट वाले जिलों में बिहार के बक्सर, भोजपुर, अरवल, जहानाबाद, पटना, नालंदा, बेगूसराय, लखीसराय, शेखपुरा, नवादा, गया, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सारण और सीवान शामिल हैं।

अगले कुछ दिनों तक ऐसा रहेगा मौसम

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक आने वाले तीन से चार दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। जिन इलाकों में अभी मॉनसून पूरी तरह सक्रिय नहीं हुआ है, वहां भी धीरे-धीरे बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। उत्तर और मध्य बिहार के कई हिस्सों में आने वाले दिनों में बारिश का दौर तेज होने की उम्मीद है। इसके बाद तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

मॉनसून के बाद भी क्यों बनी हुई है उमस?

मॉनसून आने के बाद भी उमस भरी गर्मी का कारण वातावरण में बढ़ी नमी बताई जा रही है। समुद्र से आने वाली नम हवाओं के कारण हवा में नमी की मात्रा बढ़ गई है। बादलों की मौजूदगी के बावजूद कई जगहों पर पर्याप्त बारिश नहीं हो रही है, जिससे गर्मी और चिपचिपाहट वाली परेशानी बनी हुई है।

0 comments:

Post a Comment