आ गया पश्चिमी विक्षोभ: यूपी के 26 जिलों में आंधी और बारिश के आसार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के असर से प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में मौसम सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग ने कई जिलों में तेज आंधी और बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ अब पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ गया है, जिसके चलते कुछ इलाकों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। वहीं दूसरी ओर पश्चिमी यूपी में मौसम साफ होने के साथ तापमान बढ़ने की संभावना है।

26 जिलों में आंधी-बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने पूर्वी यूपी के कई जिलों में खराब मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है। इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। यूपी के देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, मऊ और बलिया समेत आसपास के क्षेत्रों में आंधी-बारिश का असर देखने को मिल सकता है।

70 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाएं

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक कुछ इलाकों में हवा की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। तेज हवाओं के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचें।

इन जिलों में वज्रपात के भी आसार

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के चंदौली, मऊ, बलिया, देवरिया, सोनभद्र, मिर्जापुर, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर और आसपास के इलाकों में वज्रपात होने के भी आशंका जताई गई है।

बारिश से मिली थी गर्मी से राहत

हाल के दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। कई जिलों में सामान्य से कम तापमान रिकॉर्ड किया गया, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। अब मौसम में दोबारा बदलाव के बीच लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खासकर किसानों और खुले क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को मौसम की जानकारी लेते रहने की जरूरत है।

0 comments:

Post a Comment