यूपी में बनेंगे पांच नए बिजली उपकेंद्र, 3 जिलों के लिए बड़ी खुशखबरी

न्यूज डेस्क। उत्तर प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। गोरखपुर मंडल के देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज जिलों में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर काम शुरू होने जा रहा है।

बिजली निगम ने इन तीन जिलों में 5 नए विद्युत उपकेंद्र बनाने का फैसला लिया है। इन परियोजनाओं पर करीब 42 करोड़ 75 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। नए उपकेंद्र बनने के बाद करीब 30 हजार घरों को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलने की उम्मीद है।

पांच नए उपकेंद्रों से सुधरेगी बिजली व्यवस्था

बिजली निगम के बिजनेस प्लान के तहत इन उपकेंद्रों का निर्माण कराया जाएगा। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद जमीन पर काम शुरू किया जाएगा। नए उपकेंद्र बनने से बिजली वितरण व्यवस्था मजबूत होगी और उपभोक्ताओं को बार-बार बिजली कटौती व लो वोल्टेज जैसी समस्याओं से राहत मिल सकती है।

कहां-कहां बनेंगे नए बिजली उपकेंद्र?

देवरिया के हेतिमपुर में 5 MVA क्षमता के उपकेंद्र पर करीब 12 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

कुशीनगर के कौवासार में 10 MVA क्षमता का उपकेंद्र बनेगा, जिसकी लागत करीब 9.80 करोड़ रुपये है।

कुशीनगर के महसों में 10 MVA क्षमता के उपकेंद्र का निर्माण होगा, जिस पर 8.50 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

महराजगंज के कैंपियरगंज में 5 MVA क्षमता का उपकेंद्र बनेगा, जिसकी लागत करीब 6.95 करोड़ रुपये है।

देवरिया के कतरारी में 10 MVA क्षमता का उपकेंद्र बनाया जाएगा, जिस पर करीब 5.50 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

नई बिजली लाइनों और ट्रांसफार्मरों पर भी काम

बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सिर्फ उपकेंद्र ही नहीं, बल्कि नई बिजली लाइनों और ट्रांसफार्मरों पर भी काम किया जाएगा। योजना के तहत 33 हजार वोल्ट की नई लाइनों का निर्माण होगा। 11 हजार वोल्ट की लाइनों का विस्तार किया जाएगा। नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। पुराने ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जाएगी। कई उपकेंद्रों की क्षमता में भी वृद्धि की जाएगी।

लो वोल्टेज की समस्या से मिलेगी राहत

बिजली निगम का मानना है कि इन कार्यों के पूरा होने के बाद बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता बेहतर होगी। खासकर गर्मी के मौसम में बढ़ती बिजली मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी। नए उपकेंद्रों और मजबूत नेटवर्क से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को स्थिर व बेहतर बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।

0 comments:

Post a Comment