पानी-पानी होगा बिहार! अगले 48 घंटे में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट

पटना। बिहार में भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मौसम का मिजाज अब बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटे में राज्य के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। इस दौरान तेज हवा, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है।

12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून अब बिहार के ज्यादातर हिस्सों में पहुंच चुका है। बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मिलने के कारण बारिश की गतिविधियां बढ़ रही हैं। आने वाले दिनों में राज्य के अधिकतर जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। फिलहाल शनिवार को राज्य के 12 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं बाकी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

28 जून को और सक्रिय होगा मानसून

मौसम विभाग के मुताबिक 28 जून को बिहार में मानसून की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। इस दिन राज्य के 26 जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कई जिलों में मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा।

29 जून को भी आंधी-बारिश के आसार

29 जून को भी बिहार के मौसम में बदलाव जारी रहेगा। मौसम विभाग ने पटना समेत पूरे राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। उत्तर बिहार के कई जिलों में तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।

तापमान में आएगी गिरावट, लोगों को मिलेगी राहत

लगातार बारिश होने के बाद राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे लोगों को गर्मी और चिपचिपी उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। किसानों के लिए भी बारिश अच्छी खबर लेकर आ सकती है, क्योंकि मानसून की सक्रियता बढ़ने से खेती-किसानी के कामों को गति मिलेगी।

0 comments:

Post a Comment