बिहार में किसानों को बड़ी खुशखबरी, SC-ST और EBC को मिलेगी 50% छूट

पटना: बिहार सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए गन्ना किसानों को राहत देने के उद्देश्य से दो नई योजनाओं को मंजूरी दी है। इन योजनाओं का उद्देश्य गन्ने की खेती को अधिक लाभकारी बनाना, आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देना और किसानों की उत्पादन लागत कम करना है। बीज उत्पादन से लेकर आधुनिक कृषि यंत्रों की खरीद तक सरकार विभिन्न स्तरों पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएगी।

बीज उत्पादन पर मिलेगा आकर्षक अनुदान

नई बीज विकास योजना के तहत सत्यापित गन्ना बीज तैयार करने वाले किसानों को अनुदान दिया जाएगा। सामान्य वर्ग के किसानों को प्रति क्विंटल 260 रुपये, जबकि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (SC-ST) के किसानों को 310 रुपये प्रति क्विंटल की सहायता मिलेगी। इसका उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन को बढ़ावा देना और किसानों को बेहतर पैदावार के लिए प्रोत्साहित करना है।

आधार और प्रजनक बीज उत्पादन को बढ़ावा

सरकार ने आधार बीज उत्पादन के लिए भी विशेष सहायता का प्रावधान किया है। किसानों को अधिकतम 70 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर तक आर्थिक सहायता मिल सकेगी। वहीं प्रजनक बीज उत्पादन का कार्य कृषि अनुसंधान संस्थानों के सहयोग से कराया जाएगा, जिसके लिए 2.50 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर तक प्रोत्साहन राशि निर्धारित की गई है।

कृषि यंत्रों पर 50 प्रतिशत तक अनुदान

गन्ना यंत्रीकरण योजना के तहत खेती की तैयारी, बुवाई, सिंचाई, खरपतवार नियंत्रण और कटाई जैसे कार्यों में उपयोग होने वाले आधुनिक कृषि यंत्रों पर भी अनुदान मिलेगा। इस योजना का कुल बजट 34.60 करोड़ रुपये रखा गया है। वर्ष 2026-27 में 3,218 कृषि यंत्रों के वितरण और 80 यंत्र बैंकों की स्थापना का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सामान्य वर्ग के किसानों को कृषि यंत्रों पर 40 प्रतिशत अनुदान मिलेगा, जबकि SC-ST और अत्यंत पिछड़ा वर्ग (EBC) के किसानों को 50 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जाएगी।

ऑनलाइन आवेदन और सीधे खाते में अनुदान

सरकार ने दोनों योजनाओं की आवेदन प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन रखा है। बीज विकास योजना के लिए किसान केन केयर पोर्टल पर आवेदन कर सकेंगे, जबकि यंत्रीकरण योजना के लिए कृषि विभाग के डीबीटी पोर्टल का उपयोग करना होगा। पात्र किसानों को स्वीकृत अनुदान की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाएगी।

0 comments:

Post a Comment