CM सम्राट की 6 बड़ी घोषणाएं, बिहारवासियों के लिए खुशखबरी

न्यूज डेस्क। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुंगेर जिले के तारापुर विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान शिक्षा, रोजगार और आधारभूत ढांचे से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इन फैसलों का उद्देश्य ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों में उच्च शिक्षा की पहुंच बढ़ाना, युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और विकास परियोजनाओं को गति देना है।

असरगंज को मिला नया डिग्री कॉलेज

मुख्यमंत्री ने असरगंज में राजकीय डिग्री महाविद्यालय में शैक्षणिक सत्र की शुरुआत करते हुए कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से उच्च शिक्षा संस्थान की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब यहां करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से कॉलेज का स्थायी भवन बनाया जाएगा। साथ ही विद्यार्थियों के लिए खेल मैदान विकसित करने की योजना भी तैयार की जा रही है, जिसके लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

सभी बीएड कॉलेजों में खुलेंगे डिग्री कॉलेज

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य के बीएड कॉलेजों में चरणबद्ध तरीके से डिग्री कॉलेज स्थापित किए जाएंगे। इससे छात्रों को स्नातक की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों में जाने की जरूरत कम होगी और स्थानीय स्तर पर ही उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने बताया कि असरगंज कॉलेज के शुरू होने के साथ ही बिहार में सरकारी डिग्री कॉलेजों की संख्या बढ़कर 212 हो गई है।

बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार योजना

सरकार ने तारापुर क्षेत्र के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए विशेष पहल की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक बेरोजगार युवक और युवती की पहचान कर उन्हें रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। इसके लिए स्थानीय स्तर पर उद्योग स्थापित करने की संभावनाओं पर भी कार्य किया जा रहा है और उद्योगों के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित की जा रही है।

इंटरनेशनल एयरपोर्ट परियोजना को मिलेगी गति

मुख्यमंत्री ने बताया कि असरगंज के अमैया, बैजलपुर और कर गांव के आसपास प्रस्तावित इंटरनेशनल एयरपोर्ट परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है। यह परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र में निवेश, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

बिहार के जिलों में मॉडल स्कूलों का होगा विस्तार

शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए सरकार लगातार मॉडल विद्यालयों की संख्या बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री ने 10 नए मॉडल विद्यालयों का उद्घाटन करते हुए बताया कि अब राज्य में ऐसे विद्यालयों की संख्या 561 हो गई है। इन विद्यालयों में विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा, लाइव क्लास और मेडिकल व इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं (NEET और JEE) की तैयारी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

बिहार के सरकारी स्कूलों में शनिवार को आधे दिन पढ़ाई

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि बिहार के सभी सरकारी स्कूलों में अब शनिवार को आधे दिन की कक्षाएं संचालित की जाएंगी। सरकार का मानना है कि इससे विद्यार्थियों और शिक्षकों दोनों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा तथा स्कूलों में अन्य गतिविधियों के लिए भी समय उपलब्ध होगा।

0 comments:

Post a Comment