इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार अररिया, बांका, कटिहार, पूर्णिया, सुपौल, भभुआ (कैमूर) और पश्चिमी चंपारण में भारी बारिश की संभावना है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज वर्षा हो सकती है। साथ ही कुछ स्थानों पर वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। इसके अलावा राज्य के उत्तर और दक्षिण बिहार के कई इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का भी अनुमान है।
कई जिलों में हुई झमाझम बारिश
गुरुवार को राजधानी पटना सहित राज्य के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। पटना, गया, भागलपुर, पूर्णिया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सुपौल, फारबिसगंज, डेहरी, मोतिहारी, पूसा, अरवल, मुंगेर और जहानाबाद में दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही। इससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस से राहत मिली। राजधानी पटना में लगभग 9.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि कटिहार जिले के मनिहारी क्षेत्र में सबसे अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई।
अगले तीन से चार दिन सक्रिय रहेगा मानसून
मौसम विभाग का कहना है कि मानसूनी प्रणाली फिलहाल काफी सक्रिय बनी हुई है। मानसून ट्रफ और कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से बिहार के अधिकांश हिस्सों में अगले तीन से चार दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। कुछ इलाकों में भारी वर्षा होने की भी संभावना है।

0 comments:
Post a Comment