केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, इन लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी, लाइफटाइम फ्री रेल यात्रा!

नई दिल्ली। देश की सुरक्षा के लिए असाधारण साहस दिखाने वाले वीरता पदक विजेताओं और उनके परिवारों के लिए सरकार ने अहम फैसला लिया है। रक्षा मंत्रालय ने सेना मेडल, नौ सेना मेडल और वायु सेना मेडल (गैलेंट्री) से सम्मानित पात्र विजेताओं को भारतीय रेल में आजीवन मुफ्त यात्रा की सुविधा देने को मंजूरी दी है।

इन श्रेणियों को मिलेगा लाभ

इस सुविधा का दायरा केवल पदक विजेताओं तक सीमित नहीं रहेगा। पात्र विजेताओं के जीवनसाथी को भी यह सुविधा मिलेगी। वहीं अविवाहित बलिदानी पदक विजेताओं के माता-पिता को भी इसके तहत रेल यात्रा की सुविधा दी जाएगी। विधवा या विधुर जीवनसाथी को पुनर्विवाह तक यह लाभ मिलने की जानकारी दी गई है।

फर्स्ट क्लास और सेकेंड एसी में यात्रा

स्वीकृत सुविधा के तहत पात्र लाभार्थी फर्स्ट क्लास, सेकेंड एसी और एसी चेयर कार में यात्रा कर सकेंगे। इसका उद्देश्य वीरता पदक विजेताओं और उनके परिवारों के प्रति सम्मान प्रकट करना तथा उन्हें यात्रा संबंधी सुविधा उपलब्ध कराना है।

1 नवंबर से ऑनलाइन बुकिंग शुरू

इस सुविधा को लागू करने के लिए डिजिटल और पेपरलेस व्यवस्था तैयार की गई है। पात्र लाभार्थी इंडियन रेलवे कन्सेशन कार्ड पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करेंगे। सत्यापन पूरा होने के बाद ई-पास जारी किया जाएगा। इसके आधार पर 1 नवंबर 2026 से IRCTC के माध्यम से टिकट बुकिंग की सुविधा शुरू होने की जानकारी दी गई है। सरकार का यह कदम देश की रक्षा में योगदान देने वाले वीरता पदक विजेताओं और बलिदानी परिवारों को यात्रा के दौरान विशेष सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

0 comments:

Post a Comment