यूपी-बिहार वालों के लिए खुशखबरी! दिवाली-छठ पर चलेंगी 14 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें, बुकिंग शुरू

नई दिल्ली। त्योहारी सीजन में घर जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी राहत की तैयारी की है। दशहरा, दिवाली और छठ के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए अलग-अलग रूटों पर 14 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इनमें यूपी, बिहार के अलावा दिल्ली, पंजाब, उत्तराखंड और महाराष्ट्र से जुड़े कई प्रमुख रूट शामिल हैं। कई ट्रेनों की एडवांस बुकिंग भी शुरू हो चुकी है।

दिल्ली-वाराणसी और अयोध्या रूट पर राहत

वाराणसी और दिल्ली के बीच 04209/04210 नंबर की स्पेशल ट्रेन अक्टूबर-नवंबर में कुल 50 फेरे लगाएगी। यह ट्रेन लखनऊ, हरदोई, शाहजहांपुर और मुरादाबाद जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। वहीं वाराणसी-चंडीगढ़ के बीच 04227/04228 स्पेशल ट्रेन के 36 फेरे प्रस्तावित हैं। इसका रूट प्रयागराज, लखनऊ, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद और गाजियाबाद से होकर जाएगा।

अयोध्या से आनंद विहार के बीच 04213/04214 स्पेशल ट्रेन 1 अक्टूबर से 30 नवंबर तक 36 फेरे लगाएगी। रास्ते में बाराबंकी, लखनऊ, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, हापुड़ और गाजियाबाद जैसे स्टेशन आएंगे।

बिहार जाने वालों को भी बड़ी सुविधा

आनंद विहार-जोगबनी 04008/04007 साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के 10 फेरे होंगे। यह कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर होते हुए बिहार के रास्ते जोगबनी पहुंचेगी। आनंद विहार-मुजफ्फरपुर 04028/04027 ट्रेन के अक्टूबर-नवंबर में 26 फेरे होंगे।

इसी तरह चंडीगढ़-पटना 04512/04511 के 18, फिरोजपुर कैंट-पटना 04616/04615 के 16 और दिल्ली जंक्शन-सीतामढ़ी 04010/04009 के 12 फेरे निर्धारित किए गए हैं। इससे दिल्ली, पंजाब और आसपास के इलाकों से बिहार जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।

कानपुर रूट पर भी बढ़ी ट्रेनों की संख्या

त्योहारी भीड़ को देखते हुए आनंद विहार-कानपुर सेंट्रल 02458/02457 स्पेशल ट्रेन 8 सितंबर से 29 नवंबर तक 72 फेरे लगाएगी। वहीं नई दिल्ली-कानपुर सेंट्रल 02456/02455 के 7 सितंबर से 30 नवंबर तक 98 फेरे होंगे।

इसके अलावा योग नगरी ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर 04314/04313 के 4 अक्टूबर से 30 नवंबर तक 18 फेरे होंगे।

150 और 120 फेरों वाली ट्रेन भी शामिल

रेलवे की इस सूची में आनंद विहार-लोकमान्य तिलक टर्मिनस 04014/04013 स्पेशल ट्रेन सबसे ज्यादा 150 फेरे लगाएगी। इसका संचालन 16 सितंबर से 29 नवंबर तक होगा। वहीं आनंद विहार-पाटलिपुत्र 04096/04095 स्पेशल ट्रेन 1 अक्टूबर से 29 नवंबर तक 120 फेरे लगाएगी।

आखिर में हजरत निजामुद्दीन-दरभंगा 04002/04001 स्पेशल ट्रेन अक्टूबर-नवंबर में 14 फेरे लगाएगी। ऐसे में त्योहार पर घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के पास अब पहले के मुकाबले ज्यादा ट्रेन विकल्प हैं। भीड़ से बचने के लिए टिकट की बुकिंग समय रहते कराने की सलाह दी जाती है।

0 comments:

Post a Comment