UCC पर बड़ा अपडेट! 2029 से पहले 21 राज्यों में लागू करने की तैयारी, अमित शाह का बड़ा बयान

नई दिल्ली। समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार वाले 21 राज्यों में 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले UCC लागू करने का लक्ष्य रखा गया है। शाह के मुताबिक कई राज्यों में इस दिशा में पहले ही कदम उठाए जा चुके हैं।

गृह मंत्री ने तत्काल तीन तलाक खत्म किए जाने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इससे मुस्लिम महिलाओं को समान अधिकार और न्याय दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

मणिपुर में NRC पर भी चर्चा

अमित शाह ने राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC) को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि मणिपुर में जनगणना से पहले NRC को लेकर प्रक्रिया पर काम चल रहा है। यह पूछे जाने पर कि इसके लिए 1951 को आधार बनाया जाएगा या नहीं, शाह ने कहा कि इस विषय पर बातचीत जारी है और सहयोगी दलों से भी चर्चा की जा रही है। अंतिम निर्णय की जानकारी उचित समय पर दी जाएगी।

'सेवा संकल्प अभियान' का ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा, एनडीए के सहयोगी दलों और स्वयंसेवी संगठनों के साथ मिलकर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने की जानकारी भी दी गई। शाह ने कहा कि इससे पहले भाजपा प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘सेवा पखवाड़ा’ आयोजित करती रही है।

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश में विकास और जनभागीदारी पर केंद्रित राजनीति को आगे बढ़ाया गया है।

0 comments:

Post a Comment