अभियान की तैयारियों को लेकर एनेक्सी भवन सभागार में जल शक्ति मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन के सामने यह महत्वपूर्ण मौका है कि योजनाओं का लाभ उन लोगों तक पहुंचाया जाए, जिन्हें वास्तव में इसकी जरूरत है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अभियान के दौरान अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक पहुंच बनाई जाए।
योजनाओं की मिलेगी जानकारी
सेवा संकल्प अभियान के जरिए लोगों को सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण से जुड़े कार्यों की जानकारी दी जाएगी। केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से किए गए विकास कार्यों तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य लोगों को विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प से जोड़ना भी है। इसके लिए अलग-अलग क्षेत्रों में जागरूकता और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
17 सितंबर से शुरू होंगे कई कार्यक्रम
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम से होगी। इसमें ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लाभार्थी दीप प्रज्ज्वलित करेंगे। इसके बाद 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘मेरे सपनों का भारत’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
वहीं, 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर 'आंगन मिलन सेवा' के तहत संवाद कार्यक्रम होंगे। 7 अक्टूबर को 'सेवा ज्योति यात्रा' भी निकाली जाएगी। इसके अलावा ग्राम चौपाल, सेवा सेतु, विकसित भारत संकल्प यात्रा और आम लोगों के साथ संवाद जैसे कार्यक्रम भी होंगे।
गांवों में चौपाल से लेकर स्मारकों पर लेजर शो
अभियान के दौरान गांवों में चौपाल लगाकर लोगों से सीधे संवाद किया जाएगा। जिले के प्रमुख स्मारकों पर लेजर शो, प्रार्थना सभा और अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। अधिकारियों को सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाकर अभियान की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार का मुख्य फोकस यही रहेगा कि कोई भी पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। घर-घर संपर्क और जागरूकता के जरिए ज्यादा से ज्यादा लोगों को योजनाओं से जोड़ने की कोशिश की जाएगी।

0 comments:
Post a Comment