मानसून की ट्रफ लाइन खिसकी! यूपी के इन जिलों में हो सकती है बारिश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने के संकेत दे रहा है। कई इलाकों में फिलहाल मौसम शुष्क है, लेकिन मानसूनी ट्रफ लाइन के उत्तर की ओर बढ़ने से प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों तक तराई, मध्यांचल और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है।

तराई और पूर्वी यूपी में बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक ट्रफ लाइन के खिसकने का असर सबसे ज्यादा तराई वाले इलाकों में देखने को मिल सकता है। यहां कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की परिस्थितियां बन रही हैं। मध्यांचल और पूर्वी यूपी में भी छिटपुट बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।

इससे पहले रविवार को सोनभद्र, वाराणसी, नजीबाबाद और झांसी समेत कुछ इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। हालांकि प्रदेश में फिलहाल कहीं भी भारी बारिश का बड़ा अलर्ट नहीं है।

अगले एक सप्ताह भारी बारिश का अलर्ट नहीं

मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि अगले करीब एक सप्ताह तक उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी नहीं है। ऐसे में ज्यादातर इलाकों में मौसम सामान्य से लेकर हल्का बदला हुआ रह सकता है। बारिश का असर स्थानीय स्तर पर ही देखने को मिलेगा।

लखनऊ में भी बदल सकता है मौसम

राजधानी लखनऊ में रविवार को दिन के समय धूप रही और मौसम अपेक्षाकृत शुष्क बना रहा। दोपहर बाद आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ी। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार शाम के बाद बादल अधिक सक्रिय हो सकते हैं, जबकि मंगलवार को हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना बन रही है।

0 comments:

Post a Comment