रूसी फर्टिलाइजर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष आंद्रे गुरयेव के मुताबिक, रूसी कंपनियों ने भारत को खाद की आपूर्ति बढ़ाई है। उनके अनुसार इस साल के शुरुआती छह महीनों में भारत को करीब 28 लाख टन फर्टिलाइजर की सप्लाई की जा चुकी है।
पिछले साल भी बढ़ी थी सप्लाई
गुरयेव ने बताया कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 2024 के कजान ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान रूसी उद्योग को भारतीय किसानों की खाद संबंधी जरूरतों को पूरा करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद पिछले साल रूस ने भारत को करीब 65 लाख टन फर्टिलाइजर भेजा, जो उससे पिछले साल के मुकाबले करीब 40 फीसदी अधिक था। रूसी पक्ष के अनुसार, भारत जितना फर्टिलाइजर आयात करता है, उसमें करीब हर तीन टन में एक टन रूस से आता है। इससे दोनों देशों के बीच कृषि क्षेत्र में बढ़ते सहयोग का अंदाजा लगाया जा सकता है।
ब्रिक्स देशों को भी बढ़ा निर्यात
रूस ने ब्रिक्स देशों को भी मिनरल फर्टिलाइजर की सप्लाई बढ़ाई है। 2025 में इन देशों को रूसी फर्टिलाइजर का निर्यात करीब 23.4 मिलियन टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया, जबकि 2024 में यह 21.5 मिलियन टन था। भारत के लिए खाद की पर्याप्त उपलब्धता खेती की लागत और उत्पादन दोनों के लिहाज से अहम है। ऐसे में रूस से बढ़ती सप्लाई किसानों के लिए राहत की खबर मानी जा रही है।

0 comments:
Post a Comment