मौसम ने मारी पलटी! बिहार के 17 जिलों में बारिश के आसार, आंधी-बिजली को लेकर अलर्ट

पटना। बिहार में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है। राज्य के कुछ हिस्सों में रुक-रुककर बारिश हो रही है, जबकि कई इलाकों में उमस भरी गर्मी बनी हुई है। इसी बीच मौसम विभाग ने आज 17 जिलों में खराब मौसम की चेतावनी जारी की है।

इन जिलों में बक्सर, भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास, पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, सारण, सीवान और कैमूर शामिल हैं। यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, हल्की बारिश और कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

अगले 72 घंटे भी बदलता रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार 15 सितंबर को बिहार के करीब आधे हिस्से में येलो अलर्ट रह सकता है। सीमांचल के कई जिलों के अलावा उत्तर बिहार और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं 16 सितंबर को अधिकांश जिलों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। हालांकि बक्सर, भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहने का अनुमान है।

सामान्य से कम हुई बारिश

बिहार में इस अवधि में बारिश सामान्य से कम दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मध्य भारत के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र और मानसून ट्रफ की स्थिति का असर राज्य के मौसम पर पड़ रहा है। इसी वजह से कई इलाकों में बारिश सीमित रही है।

बीते 24 घंटों में कैमूर के भभुआ में अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि अररिया के फारबिसगंज में न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री रहा। पटना में फिलहाल उमस और गर्मी बनी हुई है, हालांकि स्थानीय स्तर पर अचानक तेज हवा या हल्की बारिश से मौसम बदल सकता है।

0 comments:

Post a Comment