क्या है नई पहल?
अक्सर नौकरी बदलने के बाद कर्मचारी पुराने पीएफ खातों को ट्रांसफर या क्लेम करना भूल जाते हैं। ऐसे खातों में छोटी-छोटी रकम पड़ी रह जाती है, जो सालों तक इस्तेमाल नहीं होती। अब सरकार ने तय किया है कि 1,000 रुपये या उससे कम शेष राशि वाले निष्क्रिय खातों का पैसा संबंधित खाताधारकों के सत्यापित बैंक खातों में सीधे भेजा जाएगा।
सबसे बड़ी बात यह है की इसके लिए कर्मचारियों को किसी दफ्तर के चक्कर लगाने या अलग से आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी। पूरी प्रक्रिया स्वचालित तरीके से की जाएगी।
‘इनऑपरेटिव’ खाता?
पीएफ नियमों के अनुसार यदि किसी खाते में लगातार 36 महीनों तक न तो कर्मचारी और न ही नियोक्ता की ओर से कोई अंशदान आता है, तो वह खाता ‘इनऑपरेटिव’ यानी निष्क्रिय माना जाता है। ऐसे लाखों खाते फिलहाल EPFO के रिकॉर्ड में दर्ज हैं।
पहले चरण में क्या होगा?
अभियान की शुरुआत छोटे बैलेंस वाले खातों से की जा रही है। जिन खातों में 1,000 रुपये या उससे कम राशि है, उन्हें प्राथमिकता दी गई है। इन खातों का सत्यापन कर रकम सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी। इससे लाखों लोगों को अपनी भूली हुई बचत वापस मिल सकेगी।
EPFO 3.0 से क्या उम्मीद?
सरकार डिजिटल सिस्टम को और मजबूत बनाने की दिशा में काम कर रही है। प्रस्तावित “EPFO 3.0” व्यवस्था के तहत क्लेम प्रोसेस तेज, पारदर्शी और यूजर-फ्रेंडली बनाने पर जोर है। लक्ष्य यह है कि पीएफ से जुड़ी सेवाएं चाहे क्लेम हो, ट्रांसफर हो या अपडेट कम से कम समय में पूरी हों।
कर्मचारियों के लिए क्यों अहम है यह कदम?
भूले हुए पैसों की वापसी
क्लेम प्रक्रिया में तेजी
डिजिटल और पारदर्शी सिस्टम
बिना आवेदन के सीधा बैंक ट्रांसफर
यह पहल न सिर्फ कर्मचारियों की बचत को सुरक्षित करने की दिशा में अहम कदम है, बल्कि सरकारी प्रक्रियाओं को सरल और भरोसेमंद बनाने की कोशिश भी है। अगर आपका भी कोई पुराना पीएफ खाता है, तो बैंक और केवाईसी विवरण अपडेट रखना फायदेमंद रहेगा ताकि आपकी रकम समय पर आपके खाते में पहुंच सके।

0 comments:
Post a Comment