बिहार सरकार का फैसला, 12वीं पास छात्राओं के लिए बड़ी खुशखबरी

पटना। बिहार सरकार ने इंटरमीडिएट पास छात्राओं के लिए बड़ी खुशखबरी दी है। शिक्षा विभाग की ओर से मुख्यमंत्री बालिका (इंटरमीडिएट उत्तीर्ण) प्रोत्साहन योजना 2026 के तहत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस योजना के माध्यम से योग्य छात्राओं को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी, ताकि वे आगे की पढ़ाई जारी रख सकें और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ें।

शिक्षा विभाग के अनुसार 25 मई 2026 से Medhasoft पोर्टल आवेदन के लिए खोल दिया गया है। हालांकि आवेदन की अंतिम तिथि अभी घोषित नहीं की गई है, लेकिन विभाग ने छात्राओं को जल्द आवेदन करने की सलाह दी है ताकि किसी तकनीकी परेशानी से बचा जा सके।

पोर्टल पर पहले से अपलोड है छात्राओं का डाटा

विभाग की ओर से जिला और संस्थानवार छात्राओं का विवरण पहले ही पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है। ऐसे में छात्राओं को लॉगिन कर अपनी जानकारी की जांच करनी होगी। यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो तो उसे समय रहते ठीक कराने की सलाह दी गई है।

छात्राएं ऐसे कर सकेंगी ऑनलाइन लॉगिन

छात्राएं अपने रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि के जरिए पोर्टल पर लॉगिन कर सकती हैं। इसके अलावा इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में प्राप्त पूर्णांक के माध्यम से भी लॉगिन की सुविधा दी गई है। लॉगिन के बाद छात्राओं को अपनी बैंक संबंधी जानकारी भरनी होगी।

आवेदन के दौरान भरनी होगी ये जानकारी

ऑनलाइन आवेदन करते समय छात्राओं को बैंक खाता संख्या, बैंक शाखा का नाम, IFSC कोड और आधार नंबर दर्ज करना होगा। शिक्षा विभाग ने साफ किया है कि बैंक खाता छात्रा के अपने नाम पर होना चाहिए और वह आधार से लिंक होना अनिवार्य है। साथ ही बैंक खाता राष्ट्रीयकृत बैंक, मान्यता प्राप्त निजी बैंक या इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक की बिहार स्थित शाखा में होना चाहिए।

विभाग का छात्राओं और अभिभावकों से अपील

शिक्षा विभाग ने छात्राओं और अभिभावकों से आवेदन करने से पहले सभी दिशा-निर्देश ध्यान से पढ़ने की अपील की है। विभाग का कहना है कि सही जानकारी भरने से आवेदन प्रक्रिया आसान होगी और भुगतान में किसी तरह की परेशानी नहीं आएगी।

0 comments:

Post a Comment