बिहार में शिक्षकों के ट्रांसफर नियम बदलेंगे, नई नीति से मिलेगी खुशखबरी

पटना। बिहार सरकार शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और शिक्षक हितैषी बनाने की दिशा में लगातार कदम उठा रही है। इसी क्रम में अब राज्य में शिक्षकों की स्थानांतरण नीति में बड़ा बदलाव करने की तैयारी शुरू हो गई है। सरकार नई ट्रांसफर नीति के जरिए शिक्षकों को उनके घर के नजदीक पोस्टिंग देने पर जोर दे रही है, ताकि उन्हें लंबी दूरी की परेशानियों से राहत मिल सके।

महिला शिक्षकों को मिलेगी बड़ी सुविधा

नई नीति के तहत महिला शिक्षकों को प्राथमिकता के आधार पर उनके गृह जिले, गृह प्रखंड या गृह पंचायत के आसपास पोस्टिंग देने की योजना बनाई जा रही है। सरकार का मानना है कि इससे महिला शिक्षकों को रोजाना लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और वे अधिक सहजता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभा सकेंगी। इससे उनकी कार्यक्षमता और विद्यालयों में उपस्थिति पर भी सकारात्मक असर पड़ने की उम्मीद है।

पुरुष शिक्षकों के लिए भी नई व्यवस्था

सरकार सिर्फ महिला शिक्षकों तक ही यह सुविधा सीमित नहीं रखना चाहती।पुरुष शिक्षकों के लिए भी नई व्यवस्था पर चर्चा की गई हैं । प्रस्ताव के अनुसार पुरुष शिक्षकों को उनके गृह जिले के नजदीकी प्रखंडों में पोस्टिंग देने की योजना तैयार की जा रही है, ताकि उन्हें भी पारिवारिक और यात्रा संबंधी परेशानियों से राहत मिल सके।

पारदर्शी और मानवीय होगी प्रक्रिया

सरकार ने शिक्षा विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ट्रांसफर प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, व्यवस्थित और मानवीय दृष्टिकोण पर आधारित होनी चाहिए। लंबे समय से शिक्षक संगठन यह मांग उठा रहे थे कि स्थानांतरण नीति को अधिक व्यावहारिक बनाया जाए। कई शिक्षकों को अपने घर से सैकड़ों किलोमीटर दूर तैनाती मिलने के कारण कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।

शिक्षा व्यवस्था पर भी पड़ेगा सकारात्मक असर

सरकार का मानना है कि यदि शिक्षक मानसिक और पारिवारिक रूप से संतुलित रहेंगे तो इसका सीधा असर पढ़ाई की गुणवत्ता पर पड़ेगा। ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में भी शिक्षकों की नियमित उपस्थिति बढ़ सकती है, जिससे छात्रों को बेहतर शिक्षा मिलने की संभावना मजबूत होगी।

जल्द तैयार होगा नया ढांचा और शुरू होगी प्रक्रिया

शिक्षा विभाग को नई ट्रांसफर नीति का विस्तृत प्रारूप जल्द तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद नीति लागू करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। यदि यह व्यवस्था प्रभावी तरीके से लागू होती है, तो बिहार में शिक्षा व्यवस्था और शिक्षक प्रबंधन प्रणाली में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

0 comments:

Post a Comment