भारत में रूसी दूतावास द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, इस सुविधा का लाभ न केवल भारतीय नागरिकों को मिलेगा, बल्कि उन लोगों को भी दिया जाएगा जिनके पास किसी देश की नागरिकता नहीं है। ऐसे व्यक्तियों को इस प्रक्रिया में 'पर्सन्स ऑफ इंटरेस्ट' के रूप में शामिल किया गया है।
क्या है नया वीजा नियम?
नए नियम के तहत विदेशी नागरिक और उनके परिवार के सदस्य एक साल के मल्टीपल-एंट्री बिजनेस वीजा के लिए आवेदन कर सकते हैं। यह वीजा बार-बार रूस आने-जाने की सुविधा देता है, लेकिन यह स्थायी निवास नहीं है। इस वीजा के अनुसार, किसी भी 180 दिनों की अवधि में व्यक्ति अधिकतम 90 दिन रूस में रह सकता है। इसका उद्देश्य बिजनेस यात्राओं को आसान बनाना है, न कि लंबे समय तक ठहराव की अनुमति देना।
कितने समय के लिए मिलेगा वीजा?
सरकारी नियमों के अनुसार यह वीजा 1 साल या 5 साल की अवधि के लिए जारी किया जा सकता है, जो आमंत्रण पत्र पर निर्भर करेगा। इस नए नियम की एक खास बात यह है कि आवेदक अपने परिवार के सदस्यों के साथ भी आवेदन कर सकते हैं। इससे बिजनेस यात्रा करने वालों के लिए प्रक्रिया अधिक आसान और सुविधाजनक हो जाएगी।
अमेरिका की नीतियों से जोड़कर देखा जा रहा फैसला
रूस का यह कदम ऐसे समय में आया है जब हाल ही में अमेरिका ने ग्रीन कार्ड से जुड़े नियमों में बदलाव कर दिए हैं, जिससे प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक जटिल हो गई है। इस वजह से रूस का यह निर्णय वैश्विक स्तर पर एक वैकल्पिक अवसर के रूप में देखा जा रहा है।

0 comments:
Post a Comment