सरकार का दावा है कि इन सड़कों के बन जाने से लाखों लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी और कई जिलों में विकास की रफ्तार तेज होगी। पीडब्ल्यूडी विभागाध्यक्ष एके द्विवेदी के अनुसार, सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि तय समय के भीतर काम पूरा कराया जा सके। विभाग का लक्ष्य इसी वर्ष इन परियोजनाओं का लोकार्पण कराने का है।
गोरखपुर को सबसे ज्यादा फायदा
इन परियोजनाओं में सबसे अधिक नौ सड़क योजनाएं गोरखपुर क्षेत्र की हैं। शहर और आसपास के इलाकों में तेजी से बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए कई प्रमुख मार्गों को फोर लेन बनाया जा रहा है। देवरिया बाईपास रोड, धर्मशाला-रेती चौक-घंटाघर मार्ग, राजघाट पुल से कालेसर मार्ग तक सड़क चौड़ीकरण जैसे बड़े कार्य जारी हैं। इसके अलावा पैडलेगंज से फिराक गोरखपुरी चौराहे तक सड़क विस्तार, भटहट-बांस स्थान मार्ग, जिला जेल बाईपास और चारफाटक-असुरन चौक मार्ग को भी फोर लेन में बदला जा रहा है।
प्रयागराज और वाराणसी में भी बड़े प्रोजेक्ट
प्रयागराज में मुख्यालय से एयरपोर्ट और कौशांबी पर्यटन स्थल को जोड़ने वाली सड़क को फोर लेन बनाया जा रहा है। करीब 1008 करोड़ रुपये की इस परियोजना से पर्यटन और व्यापार दोनों को बढ़ावा मिलने की संभावना है। वहीं वाराणसी में पड़ाव रामनगर से एनएच-7 तक सड़क चौड़ीकरण और चंदौली-सकलडीहा-सैदपुर मार्ग को फोर लेन बनाने का काम तेजी से चल रहा है। इससे पूर्वांचल के कई जिलों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
मथुरा और अयोध्या को मिलेगा नया रोड नेटवर्क
धार्मिक पर्यटन को ध्यान में रखते हुए मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे से वृंदावन तक फोर लेन सड़क और यमुना नदी पर नया पुल बनाया जा रहा है। इससे श्रद्धालुओं को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। अयोध्या में मया-टांडा राज्य मार्ग का चौड़ीकरण भी सरकार की प्राथमिक परियोजनाओं में शामिल है। राम मंदिर निर्माण के बाद बढ़ते पर्यटन दबाव को देखते हुए सड़क नेटवर्क मजबूत किया जा रहा है।
पूर्वांचल और तराई क्षेत्रों में भी तेज होगा विकास
बाराबंकी, बलिया, बरेली, शाहजहांपुर और बस्ती समेत कई जिलों में सड़क चौड़ीकरण और नए फोर लेन निर्माण कार्य जारी हैं। बलिया में कई प्रमुख मार्गों को चौड़ा किया जा रहा है, जिससे बिहार सीमा तक आवाजाही आसान होगी। बस्ती और तराई क्षेत्र में सड़क परियोजनाओं के पूरा होने से व्यापार, कृषि परिवहन और स्थानीय रोजगार को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।
लोगों को मिलेगी राहत, बढ़ेगी आर्थिक गतिविधि
सरकार का मानना है कि इन सड़क परियोजनाओं से न केवल ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी बल्कि औद्योगिक और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। बेहतर सड़क संपर्क से पर्यटन, कृषि और छोटे कारोबारों को भी बड़ा लाभ मिलने की संभावना है।
0 comments:
Post a Comment