यूपी में बकरीद की छुट्टी बदली, अब 28 मई को रहेगा सार्वजनिक अवकाश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने ईद-उल-अजहा (बकरीद) के सार्वजनिक अवकाश की तारीख में बदलाव करते हुए नई अधिसूचना जारी की है। पहले जहां यह अवकाश 27 मई बुधवार को घोषित था, वहीं अब इसे बदलकर 28 मई गुरुवार कर दिया गया है। 

इस फैसले के बाद पूरे प्रदेश में उस दिन सभी सरकारी कार्यालय, स्कूल, कॉलेज और बैंक बंद रहेंगे। यह बदलाव चांद के दीदार और धार्मिक मान्यताओं के आधार पर किया गया है, जिसके चलते पर्व की तारीख में संशोधन आवश्यक माना गया।

सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी किया आदेश

सामान्य प्रशासन अनुभाग की ओर से जारी अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि वर्ष 2026 की अवकाश सूची में पहले बकरीद की छुट्टी 27 मई निर्धारित थी, लेकिन पर्व की वास्तविक तिथि बदलने के कारण इसमें संशोधन किया गया है। सरकारी आदेश के अनुसार अब 28 मई को पूरे प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश प्रभावी रहेगा।

सभी सरकारी संस्थान रहेंगे बंद

नए आदेश के तहत 28 मई को उत्तर प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालय, शिक्षण संस्थान, स्कूल, कॉलेज और बैंक बंद रहेंगे। यह निर्णय पूरे राज्य में समान रूप से लागू होगा। सरकार ने संबंधित आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है।

विभागों को भेजा गया आदेश

इस संशोधित आदेश की प्रतिलिपि राज्य के सभी प्रमुख प्रशासनिक और संवैधानिक संस्थानों को भेजी गई है। इनमें मुख्यमंत्री कार्यालय, राज्यपाल कार्यालय, उच्च न्यायालय प्रयागराज, महालेखाकार कार्यालय, सभी मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, विधानसभा, विधान परिषद सहित केंद्र सरकार के गृह और वित्त मंत्रालय तथा आरबीआई कानपुर और लखनऊ शामिल हैं।

0 comments:

Post a Comment