ट्रंप की ईरान को दो टूक चेतावनी, कहा- यूरेनियम सौंपो या नष्ट करो

न्यूज डेस्क। अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से जारी तनाव के बीच अब परमाणु कार्यक्रम को लेकर बड़ी हलचल देखने को मिल रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि तेहरान को अपने समृद्ध यूरेनियम का भंडार या तो अमेरिका को सौंपना होगा या फिर अंतरराष्ट्रीय निगरानी में उसे नष्ट करना होगा। ट्रंप के इस बयान के बाद एक बार फिर वैश्विक राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर दी चेतावनी

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर पोस्ट करते हुए कहा कि ईरान का 'एनरिच्ड यूरेनियम' तुरंत अमेरिका को सौंपा जा सकता है, जहां उसे सुरक्षित तरीके से नष्ट किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि ऐसा संभव नहीं हुआ तो ईरान की सहमति से किसी तय स्थान पर अंतरराष्ट्रीय निगरानी में उसे खत्म किया जाएगा।

परमाणु पर नरम पड़ता दिख रहा ईरान

अमेरिकी राष्ट्रपति के इस बयान को ईरान के बदले रुख के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान सिद्धांत रूप से अपने उच्च स्तर पर समृद्ध यूरेनियम भंडार को छोड़ने के लिए तैयार हो सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि ऐसा होता है तो यह दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे सबसे बड़े विवाद के समाधान की दिशा में बड़ा कदम होगा।

ट्रंप बोले- आधा अधूरा समझौता मंजूर नहीं

ट्रंप ने साफ कर दिया है कि अमेरिका किसी भी तरह का कमजोर या अधूरा समझौता नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि डील तभी होगी जब वह 'अर्थपूर्ण और मजबूत' होगी, अन्यथा अमेरिका बातचीत से पीछे हट सकता है। ट्रंप के इस बयान को ईरान पर दबाव बनाने की रणनीति माना जा रहा है, ताकि परमाणु कार्यक्रम पर सख्त शर्तें लागू कराई जा सकें।

दुनिया की नजरें अमेरिका-ईरान वार्ता पर

फिलहाल पूरी दुनिया की नजरें अमेरिका और ईरान के बीच जारी इस वार्ता पर टिकी हैं। यदि दोनों देशों के बीच परमाणु समझौता होता है तो इससे मध्य पूर्व में तनाव कम हो सकता है और वैश्विक राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

0 comments:

Post a Comment