सड़क नेटवर्क को और मजबूत बनाने पर जोर
बैठक में पथ निर्माण विभाग के सचिव ने राज्य में चल रही राष्ट्रीय राजमार्गों, स्टेट हाईवे और एक्सप्रेसवे परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में बेहतर सड़क नेटवर्क पहले से विकसित किया जा चुका है, लेकिन अब लक्ष्य इसे और तेज और सुगम बनाना है, ताकि सुदूर इलाकों से भी लोग कम समय में राजधानी तक पहुंच सकें।
5 घंटे में पटना पहुंचने का लक्ष्य
सरकार का लक्ष्य है कि राज्य के दूरस्थ इलाकों से लोग अधिकतम 5 घंटे के भीतर पटना पहुंच सकें। इसके लिए सभी प्रमुख मार्गों को फोरलेन और एक्सप्रेसवे नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है। यह कदम न केवल यात्रियों के लिए सुविधाजनक होगा, बल्कि व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगा।
विकास और रोजगार पर असर
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सड़क परियोजनाओं को तेजी और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से राज्य के पर्यटन स्थल, सांस्कृतिक धरोहर, औद्योगिक क्षेत्र और कृषि बाजारों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
पुल और इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस
बैठक में पुलों के रखरखाव और मजबूती पर भी विशेष जोर दिया गया। सरकार ने पुल मेंटेनेंस पॉलिसी को प्रभावी ढंग से लागू करने और नियमित जांच कराने के निर्देश दिए हैं। विशेष रूप से विक्रमशिला पुल के स्थायी पुनर्स्थापन और कच्ची दरगाह–बिदुपुर 6-लेन पुल परियोजना को तय समय सीमा में पूरा करने पर जोर दिया गया है।

0 comments:
Post a Comment