मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 1 जून को लखनऊ के लोक भवन में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में 223 मेधावी छात्रों को सम्मानित करेंगे। राज्य स्तर पर चुने गए 223 मेधावियों को 31 मई की शाम तक लखनऊ पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। सभी छात्रों को स्कूल यूनिफॉर्म में कार्यक्रम में शामिल होना होगा।
मेधावियों को मिलेगा बड़ा सम्मान पैकेज
राज्य सरकार की ओर से हर मेधावी छात्र को एक लाख रुपये की नकद राशि, टैबलेट, मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा सभी चयनित छात्रों और उनके एक-एक अभिभावक को भी समारोह में आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम का आयोजन सुबह 11 बजे से शुरू होगा और इसका सीधा प्रसारण सभी जिला मुख्यालयों पर भी किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस उपलब्धि के साक्षी बन सकें।
चार बड़े शिक्षा बोर्डों के टॉपर्स होंगे शामिल
इस सम्मान समारोह में चार प्रमुख शिक्षा बोर्डों के मेधावी छात्रों को शामिल किया गया है। UP Board, CBSE, CISCE, Sanskrit Board, इनमें यूपी बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के टॉप-10 रैंक प्राप्त छात्र भी शामिल हैं।
1459 जिला स्तरीय मेधावियों को भी मिलेगा सम्मान
राज्य स्तर के साथ-साथ जिला स्तर पर भी मेधावी छात्रों को सम्मानित किया जाएगा। कुल 1459 छात्रों को उनके जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में सम्मान दिया जाएगा। इन छात्रों को 21 हजार रुपये की नकद राशि, मेडल और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। जिला स्तर के कार्यक्रमों में मंत्री और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहकर छात्रों को सम्मानित करेंगे।
सम्मान राशि सीधे छात्रों के बैंक खातों में ट्रांसफर के निर्देश
सरकार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सम्मान राशि सीधे छात्रों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी। इसके लिए आवश्यक बजट पहले ही जिलों को उपलब्ध करा दिया गया है। साथ ही टैबलेट खरीदने के लिए अलग से राशि भी जारी की गई है।

0 comments:
Post a Comment