सीएम सम्राट का बड़ा प्लान, इन बच्चों के लिए 5 बड़ी खुशखबरी

पटना। बिहार सरकार अब राज्य की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और मजबूत बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। खासकर सरकारी स्कूलों और मदरसों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए कई नई योजनाएं तैयार की गई हैं। सरकार का फोकस अब सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं, बल्कि डिजिटल शिक्षा, गणित-भाषा कौशल और आधुनिक तकनीक से छात्रों को जोड़ने पर है।

1. मदरसों में शुरू होंगी स्मार्ट क्लास

बिहार सरकार अब मदरसों को भी डिजिटल शिक्षा से जोड़ने जा रही है। सरकारी अनुदान प्राप्त सभी मदरसों में चरणबद्ध तरीके से स्मार्ट क्लास की सुविधा शुरू की जाएगी। राज्य में करीब 1942 अनुदानित मदरसे हैं, जहां आधुनिक तकनीक आधारित पढ़ाई की व्यवस्था करने का लक्ष्य रखा गया है। फिलहाल 75 मदरसों में स्मार्ट क्लास की योजना को मंजूरी मिल चुकी है। इस पहल का उद्देश्य मदरसा छात्रों को विज्ञान, गणित और कंप्यूटर शिक्षा जैसी आधुनिक पढ़ाई से जोड़ना है।

2. शिक्षकों को मिलेगी डिजिटल ट्रेनिंग

सिर्फ स्मार्ट क्लास लगाने तक ही योजना सीमित नहीं रहेगी। सरकार शिक्षकों को डिजिटल टूल्स के इस्तेमाल की विशेष ट्रेनिंग भी देगी। इसके जरिए शिक्षक तकनीक का बेहतर उपयोग कर बच्चों को आधुनिक तरीके से पढ़ा सकेंगे। शिक्षा विभाग का मानना है कि इससे पढ़ाई अधिक आसान और प्रभावी बनेगी।

3. गर्मी की छुट्टी में भी होगी पढ़ाई

सरकार ने गर्मी की छुट्टियों के दौरान भी बच्चों की पढ़ाई जारी रखने का प्लान बनाया है। कक्षा 5 और 6 के उन बच्चों के लिए विशेष समर कैंप लगाए जाएंगे जो भाषा और गणित में कमजोर हैं। यह कैंप 1 जून से 30 जून तक गांव और टोला स्तर पर आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य बच्चों की पढ़ने, समझने और गणितीय क्षमता को मजबूत करना है।

4. गांव स्तर पर लगेंगे छोटे-छोटे कैंप

हर समर कैंप में 10 से 15 बच्चों को शामिल किया जाएगा ताकि उन्हें व्यक्तिगत रूप से बेहतर सीखने का मौका मिल सके। इन कैंपों का संचालन समुदाय आधारित मॉडल पर होगा और स्थानीय स्तर पर स्वयंसेवकों की मदद ली जाएगी। शिक्षा सेवक और तालीमी मरकज कर्मी भी इसमें भाग लेंगे। सरकार चाहती है कि कमजोर छात्र भी अगली कक्षाओं के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकें।

5. ऑनलाइन मॉनिटरिंग से होगी निगरानी

सरकार ने समर कैंप और स्मार्ट क्लास योजनाओं की नियमित निगरानी के लिए ऑनलाइन ट्रैकिंग सिस्टम तैयार करने की योजना बनाई है। जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर के अधिकारी इन कार्यक्रमों की मॉनिटरिंग करेंगे, ताकि योजनाएं सिर्फ कागजों तक सीमित न रहें और बच्चों को वास्तविक लाभ मिल सके।

0 comments:

Post a Comment