पानी-पानी होगा बिहार: 24 जिलों में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट

पटना। बिहार में भीषण गर्मी के बीच अब मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के कई जिलों में बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात की संभावना बन रही है। दक्षिण बिहार और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से करीब 0.9 किलोमीटर ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण मौसम में यह बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। आने वाले दिनों में लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है, लेकिन बिजली गिरने और तेज हवा को लेकर सतर्क रहने की जरूरत होगी।

26 मई को 24 जिलों में बारिश के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक 26 मई को बिहार के 24 जिलों में बारिश होने की संभावना है। जिन जिलों में मौसम बदलने के संकेत हैं उनमें पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर शामिल हैं। इन इलाकों में कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है और आंधी भी आ सकती हैं।

27 मई को इन इलाकों में बदलेगा मौसम

27 मई को उत्तर पश्चिम बिहार के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि उत्तर मध्य, उत्तर पूर्व और दक्षिण पूर्व बिहार के कई इलाकों में बारिश और बादल छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की सलाह दी है।

28 मई को कई जिलों में फिर बारिश

28 मई को उत्तर पूर्व बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा में बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा दक्षिण पश्चिम बिहार के रोहतास, कैमूर, भोजपुर, बक्सर, अरवल और औरंगाबाद में भी मौसम बदल सकता है। दक्षिण मध्य बिहार के पटना, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, लखीसराय, शेखपुरा और बेगूसराय में भी बारिश के संकेत हैं। वहीं जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर जैसे दक्षिण-पूर्वी जिलों में भी गरज के साथ बारिश हो सकती है।

29 मई को पूरे बिहार में बारिश की संभावना

मौसम विभाग का अनुमान है कि 29 मई को बिहार के सभी 38 जिलों में बारिश हो सकती है। यह दिन राज्य के लिए सबसे ज्यादा असर वाला साबित हो सकता है। कई इलाकों में तेज आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं।

0 comments:

Post a Comment