सोमवार को ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को योजना को तेजी से लागू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पहले से ही घरेलू उपभोक्ताओं को हर महीने 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली दे रही है और अब सौर ऊर्जा को गांव-गांव तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही है।
घरों पर सोलर लगाने के लिए मिलेगा प्रोत्साहन
सरकार चाहती है कि लोग अपने घरों की छतों पर सोलर प्लेट लगाकर बिजली उत्पादन में आत्मनिर्भर बनें। इससे बिजली बिल में कमी आएगी और पर्यावरण को भी फायदा होगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जिन क्षेत्रों में पहले से सोलर पैनल लगाए गए हैं, वहां नियमित निगरानी और रखरखाव सुनिश्चित किया जाए ताकि लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके।
गांवों में बढ़ेगा सौर ऊर्जा का दायरा
राज्य सरकार ग्रामीण इलाकों में सौर ऊर्जा के प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान दे रही है। इसके लिए जीविका दीदियों को भी इस अभियान से जोड़ने की योजना बनाई गई है। सरकार का मानना है कि यदि गांवों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी तो सोलर ऊर्जा को लेकर जागरूकता तेजी से फैलेगी।
खेती में भी होगा सौर ऊर्जा का इस्तेमाल
सरकार कृषि क्षेत्र में भी सोलर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ाने की तैयारी कर रही है। कृषि फीडरों के सोलराइजेशन पर जोर दिया जा रहा है ताकि किसानों को सिंचाई के लिए सस्ती और निर्बाध बिजली मिल सके। इससे डीजल पर होने वाला खर्च कम होगा और खेती की लागत घटाने में मदद मिलेगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को भी तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

0 comments:
Post a Comment