मौसम विभाग के मुताबिक मधेपुरा और पूर्णिया में भारी बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वहीं दक्षिण-मध्य बिहार के आठ जिलों में भी एक-दो स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। हालांकि दक्षिण-पश्चिम बिहार के कुछ जिलों में मौसम शुष्क बना रह सकता है।
पटना में अगले तीन दिन बदल सकता है मौसम
राजधानी पटना में बुधवार को मौसम सामान्य रहने और आसमान साफ रहने की संभावना है, लेकिन गुरुवार से मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक पटना के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान जताया है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कहीं-कहीं तेज तो कहीं हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है।
पुरवा हवा से लोगों को मिली राहत
राजधानी पटना समेत आसपास के इलाकों में पिछले कई दिनों से गर्म पछुआ हवा लोगों को परेशान कर रही थी। लेकिन सोमवार शाम से पुरवा हवा के प्रभाव के कारण मौसम में हल्का बदलाव महसूस किया गया। इससे लोगों को उमस और गर्मी से कुछ राहत मिली है। तापमान की बात करें तो पटना के न्यूनतम तापमान में 2.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
लोगों के लिए राहत की उम्मीद
बारिश और तेज हवाओं के इस बदलाव से जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं किसानों के लिए भी यह मौसम फायदेमंद साबित हो सकता है। हालांकि तेज आंधी और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

0 comments:
Post a Comment