बिहार के शिक्षकों के लिए नया निर्देश, 31 मई तक अवकाश पर रोक

पटना। बिहार में शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। शिक्षा विभाग ने 27 मई से 31 मई तक शिक्षकों की छुट्टियों पर रोक लगा दी है। विभाग ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि ग्रीष्मावकाश शुरू होने से पहले स्कूलों में पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए, इसलिए सभी शिक्षकों की विद्यालय में उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।

सरकार का मानना है कि हाल के दिनों में बड़ी संख्या में शिक्षक अवकाश के लिए आवेदन दे रहे थे, जिससे स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई थी। इसी को देखते हुए यह सख्त फैसला लिया गया है। विभाग का उद्देश्य है कि छुट्टियों के दौरान भी छात्रों की पढ़ाई जारी रहे और उनका शैक्षणिक नुकसान न हो।

अंतिम कार्य दिवस तक स्कूल में रहना होगा मौजूद

शिक्षा विभाग के निर्देश के अनुसार सभी शिक्षक ग्रीष्मावकाश शुरू होने से पहले अंतिम कार्य दिवस तक नियमित रूप से स्कूल आएंगे। इस दौरान छात्रों को विषयवार गृहकार्य भी दिया जाएगा और उसकी जानकारी छात्रों की डायरी में दर्ज करनी होगी।

शिक्षा व्यवस्था सुधारने पर सरकार का जोर

शिक्षकों की छुट्टियों पर रोक के साथ-साथ बिहार सरकार ने उच्च शिक्षा को लेकर भी कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरीने राज्य के कॉलेजों को देश के शीर्ष विश्वविद्यालयों से जोड़ने की दिशा में काम शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

211 प्रखंडों में शुरू होगी स्नातक की पढ़ाई

मुख्यमंत्री ने उच्च शिक्षा विभाग को निर्देश दिया है कि जिन 211 प्रखंडों में अभी तक डिग्री कॉलेज नहीं हैं, वहां एक जुलाई से स्नातक की पढ़ाई शुरू कराई जाए। इसके लिए नए महाविद्यालय स्थापित किए जा रहे हैं और शिक्षकों व कर्मचारियों की नियुक्ति प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश भी दिए गए हैं। सरकार का कहना है कि कॉलेज ऐसे स्थानों पर बनाए जाएं जहां छात्रों को आने-जाने में परेशानी न हो।

0 comments:

Post a Comment