1 .दिल्ली बीजेपी की कमान हर्ष मल्होत्रा को
दिल्ली भाजपा की जिम्मेदारी अब हर्ष मल्होत्रा को सौंपी गई है। उन्होंने वीरेंद्र सचदेवा की जगह ली है। हर्ष मल्होत्रा पूर्वी दिल्ली से लोकसभा सांसद हैं और केंद्र सरकार में राज्य मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। इससे पहले वे पूर्वी दिल्ली नगर निगम के मेयर भी रह चुके हैं। पार्टी संगठन और जमीनी स्तर पर उनकी सक्रियता को देखते हुए भाजपा ने उन्हें राजधानी की बड़ी जिम्मेदारी दी है।
2 .हरियाणा में डॉ. अर्चना गुप्ता को मिली जिम्मेदारी
हरियाणा भाजपा की नई अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता को बनाया गया है। उन्होंने मोहन लाल बड़ौली का स्थान लिया है। डॉ. अर्चना गुप्ता इससे पहले प्रदेश महामंत्री और जिला स्तर पर कई अहम जिम्मेदारियां संभाल चुकी हैं। पेशे से डॉक्टर होने के साथ-साथ संगठन में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है।
3 .पंजाब बीजेपी की कमान केवल सिंह ढिल्लों के हाथ
पंजाब में भाजपा ने वरिष्ठ नेता केवल सिंह ढिल्लों को नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। बरनाला से विधायक रह चुके केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब की राजनीति का अनुभवी चेहरा माना जाता है।
4 .भाजपा ने त्रिपुरा में अभिषेक देबरॉय को अध्यक्ष बनाया
त्रिपुरा भाजपा का नया अध्यक्ष अभिषेक देबरॉय को बनाया गया है। अभिषेक देबरॉय पहली बार विधायक बनने के बाद तेजी से पार्टी संगठन में सक्रिय हुए। बूथ स्तर की रणनीति और संगठन पर पकड़ के कारण पार्टी ने उन पर भरोसा जताया है।
चुनावी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा फैसला
भाजपा के इस संगठनात्मक बदलाव को आने वाले चुनावों की तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी नए नेतृत्व के जरिए राज्यों में संगठन को और मजबूत करने की कोशिश में जुटी है।

0 comments:
Post a Comment