हाजीपुर से हुई योजना की शुरुआत
नई व्यवस्था की शुरुआत शुक्रवार को वैशाली जिले के हाजीपुर सदर प्रखंड की इस्माइलपुर पंचायत के हरौली गांव से की गई। जिला प्रशासन ने राशन वितरण वाहन को रवाना कर इस विशेष अभियान की शुरुआत की। इसके बाद अधिकारियों ने स्वयं पात्र वरिष्ठ नागरिकों के घर पहुंचकर उन्हें खाद्यान्न उपलब्ध कराया।
घर-घर पहुंचाया गया राशन
योजना के शुभारंभ के दौरान 80 वर्ष से अधिक आयु के कई पात्र लाभार्थियों को उनके घर पर ही राशन उपलब्ध कराया गया। इस सुविधा से लाभुकों और उनके परिवारों ने संतोष जताते हुए कहा कि अब बुजुर्गों को राशन लेने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी, जिससे उन्हें काफी राहत मिलेगी।
हर शनिवार पहुंचेगा राशन
प्रारंभिक चरण में यह व्यवस्था हाजीपुर प्रखंड में 'खाद्यान्न आपके घर पर' कार्यक्रम के तहत पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू की गई है। योजना के अनुसार 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र राशन कार्डधारियों को लाभ मिलेगा। संबंधित जन वितरण प्रणाली (PDS) विक्रेता प्रत्येक शनिवार उनके घर जाकर राशन उपलब्ध कराएंगे। विभागीय पोर्टल पर सत्यापित लाभार्थियों को ही इस सुविधा का लाभ मिलेगा।
डिजिटल तरीके से होगी पूरी प्रक्रिया
पारदर्शिता बनाए रखने के लिए राशन वितरण के समय लाभार्थी या उनके परिवार के किसी वयस्क सदस्य से हस्ताक्षर या अंगूठे का निशान लिया जाएगा। साथ ही ई-पॉश (e-POS) मशीन के माध्यम से वितरण की ऑनलाइन प्रविष्टि भी दर्ज की जाएगी, ताकि पूरी प्रक्रिया का डिजिटल रिकॉर्ड उपलब्ध रहे।
इस योजना से बुजुर्गों को मिलेगी बड़ी राहत
बढ़ती उम्र में राशन की दुकान तक पहुंचना कई वरिष्ठ नागरिकों के लिए चुनौती बन जाता है। नई व्यवस्था के लागू होने से उन्हें अब घर बैठे ही सरकारी खाद्यान्न मिल सकेगा। इससे न केवल समय और श्रम की बचत होगी, बल्कि कमजोर और असहाय बुजुर्गों को सम्मानजनक तरीके से सरकारी योजना का लाभ भी मिलेगा।
आगे अन्य क्षेत्रों में भी हो सकता है इसका विस्तार
सरकार ने फिलहाल इस योजना की शुरुआत पायलट परियोजना के रूप में की है। यदि इसका संचालन सफल रहता है, तो भविष्य में इसे राज्य के अन्य जिलों और प्रखंडों में भी चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा सकता है।

0 comments:
Post a Comment