यह हाईवे खास तौर पर कानपुर, हमीरपुर और महोबा समेत आसपास के क्षेत्रों के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है। लंबे समय से इस मार्ग पर बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए इसके चौड़ीकरण और बेहतर निर्माण की जरूरत महसूस की जा रही थी।
123 किलोमीटर लंबा बनेगा नया हाईवे
नई परियोजना के तहत करीब 123 किलोमीटर लंबे कानपुर-कबरई ग्रीन फील्ड हाईवे का निर्माण किया जाएगा। यह मार्ग कानपुर के रमईपुर के पास रिंग रोड क्षेत्र से शुरू होकर महोबा के कबरई क्षेत्र तक जाएगा। यह हाईवे आगे बांदा-सागर हाईवे से जुड़ेगा और छतरपुर तक बनने वाले बड़े कॉरिडोर से भी कनेक्ट होगा। इससे बुंदेलखंड क्षेत्र की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
7145 करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण
केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद इस परियोजना पर करीब 7145.14 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। हाईवे का निर्माण बीओटी (बिल्ड, ऑपरेट, ट्रांसफर) मॉडल के तहत किया जाएगा। इस परियोजना में कई बड़े निर्माण कार्य शामिल हैं, जिनमें 16 बड़े पुल, एक रेलवे ओवरब्रिज और दोनों तरफ सर्विस रोड का निर्माण किया जाएगा।
इस नए हाईवे से हादसों में कमी आने की उम्मीद
कानपुर-हमीरपुर-महोबा मार्ग पर पिछले वर्षों में बड़ी संख्या में सड़क हादसे हुए हैं। ऐसे में नए हाईवे को सुरक्षा के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नए हाईवे में एक्सेस कंट्रोल व्यवस्था होगी, जिससे तेज गति वाले वाहनों और स्थानीय यातायात को अलग रखा जाएगा। इससे दुर्घटनाओं पर लगाम लगने की उम्मीद है।
अभी कानपुर से कबरई पहुंचने में करीब साढ़े तीन घंटे का समय लग जाता है। नए हाईवे के बनने के बाद यही दूरी लगभग डेढ़ से दो घंटे में पूरी होने की संभावना है। इससे यात्रियों को समय की बचत होगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

0 comments:
Post a Comment