खुशखबरी की घोषणा! बिहार में आई 3687 पदों पर भर्ती, 15 तक आवेदन

पटना। बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार ने नए स्थापित 211 राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में संविदा के आधार पर 3,687 सहायक प्राध्यापकों (Assistant Professor) की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह भर्ती बिहार राज्य विश्वविद्यालय आयोग के माध्यम से की जाएगी। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 15 जुलाई तक समर्थ पोर्टल के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

छह विषयों में होगी नियुक्ति

इस भर्ती अभियान के तहत छह प्रमुख विषयों में सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति की जाएगी। इनमें हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र और राजनीति विज्ञान शामिल हैं। सभी पद नए राजकीय डिग्री कॉलेजों में शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से भरे जाएंगे।

विषयवार रिक्त पदों का विवरण

हिंदी – 635 पद

अंग्रेजी – 674 पद

इतिहास – 662 पद

अर्थशास्त्र – 597 पद

राजनीति विज्ञान – 596 पद

समाजशास्त्र – 533 पद

आवेदन से लेकर नियुक्ति तक का पूरा कार्यक्रम

आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 15 जुलाई तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। आवेदन की जांच पूरी होने के बाद 17 और 18 जुलाई को इंटरव्यू लेटर जारी किए जाएंगे। इसके बाद 20 से 27 जुलाई के बीच साक्षात्कार आयोजित होंगे। आयोग 29 जुलाई को मेरिट सूची प्रकाशित करेगा, जबकि चयनित अभ्यर्थियों को 7 अगस्त तक अपने आवंटित महाविद्यालय में योगदान देना होगा।

कौन कर सकता है आवेदन?

इन पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी भारतीय नागरिक होने चाहिए। उम्मीदवार के पास संबंधित विषय में कम से कम 55 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातकोत्तर डिग्री होना आवश्यक है। इसके अलावा यूजीसी नेट, सेट या पीएचडी की योग्यता भी निर्धारित की गई है।

आयु सीमा और आरक्षण का लाभ

भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 43 वर्ष निर्धारित की गई है। वहीं अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), पिछड़ा वर्ग (BC) और अत्यंत पिछड़ा वर्ग (EBC-नॉन क्रीमी लेयर) के अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट का लाभ मिलेगा।

0 comments:

Post a Comment