बिहार के लिए बड़ी खुशखबरी! 28.42 करोड़ से बनेगा एयरपोर्ट का नया रनवे, इन जिलों को मिलेगा फायदा

पटना: बिहार में हवाई संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। सुपौल जिले के बीरपुर एयरपोर्ट के विकास को नई रफ्तार मिलने जा रही है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) ने एयरपोर्ट को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए 28.42 करोड़ रुपये की लागत वाली नई परियोजना का टेंडर जारी कर दिया है।

आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा एयरपोर्ट

नई परियोजना के तहत बीरपुर एयरपोर्ट को कोड-2बी श्रेणी के अनुरूप विकसित किया जाएगा। इसके लिए रनवे को बेहतर बनाया जाएगा, टैक्सीवे और एप्रन का निर्माण होगा तथा विमान संचालन से जुड़ी अन्य आवश्यक सुविधाएं भी तैयार की जाएंगी। इससे एयरपोर्ट की परिचालन क्षमता में बड़ा सुधार आएगा।

पहले ही शुरू हो चुका है भवन निर्माण का काम

इससे पहले एयरपोर्ट परिसर में टर्मिनल भवन, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) टावर, फायर स्टेशन और अन्य आवश्यक भवनों के निर्माण के लिए 36.38 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी मिल चुकी है और निर्माण कार्य के लिए एजेंसी का चयन भी हो चुका है। इस तरह बीरपुर एयरपोर्ट के विकास पर कुल 64.80 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है।

कोसी और सीमांचल को मिलेगा सीधा लाभ

बीरपुर एयरपोर्ट के विकसित होने का सबसे बड़ा फायदा सुपौल, अररिया, मधेपुरा, सहरसा समेत पूरे कोसी और सीमांचल क्षेत्र के लोगों को मिलेगा। वर्तमान में इन क्षेत्रों के यात्रियों को हवाई यात्रा के लिए पटना या पश्चिम बंगाल के बागडोगरा एयरपोर्ट तक जाना पड़ता है। एयरपोर्ट शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों का समय और यात्रा खर्च दोनों कम होंगे तथा क्षेत्र को बेहतर हवाई सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

0 comments:

Post a Comment