केंद्र सरकार ने दी बड़ी राहत, कर्मचारियों के लिए नई खुशखबरी

नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने सेवानिवृत्त होने वाले केंद्रीय कर्मचारियों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा शुरू की है। अब रिटायरमेंट के बाद सेंट्रल गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (CGHS) का पेंशनर कार्ड बनवाने की प्रक्रिया पहले की तुलना में कहीं अधिक सरल और तेज हो जाएगी। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने CGHS ऑनलाइन सिस्टम को Bhavishya पोर्टल से जोड़ दिया है, जिससे आवेदन की पूरी प्रक्रिया लगभग पेपरलेस और डिजिटल हो जाएगी।

अब Bhavishya पोर्टल से ही होगा आवेदन

नई व्यवस्था के तहत केंद्रीय कर्मचारियों को CGHS पेंशनर कार्ड के लिए अलग से किसी अन्य पोर्टल पर आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी। कर्मचारी Bhavishya पोर्टल के माध्यम से ही ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इस सिस्टम की खास बात यह है कि कर्मचारी की सेवा और पेंशन से जुड़ी कई जानकारियां पोर्टल स्वतः प्राप्त कर लेगा। इससे बार-बार वही जानकारी भरने या दस्तावेज दोबारा अपलोड करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

रिटायरमेंट के बाद तुरंत मिलेगी सुविधा

सरकार ने इस व्यवस्था को इस तरह तैयार किया है कि सेवानिवृत्ति के बाद कर्मचारियों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े। आवेदन की जांच, सत्यापन और स्वीकृति की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक तेज होगी। निर्धारित अंशदान जमा होने के बाद कर्मचारी अपना CGHS पेंशनर कार्ड ऑनलाइन डाउनलोड भी कर सकेंगे और बिना देरी के योजना का लाभ लेना शुरू कर सकेंगे।

डिजिटल प्रक्रिया से होगा समय की बचत

CGHS और Bhavishya पोर्टल के एकीकरण से पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सरल बनने की उम्मीद है। डिजिटल सिस्टम के कारण आवेदन में होने वाली सामान्य त्रुटियां कम होंगी और फाइलों के निस्तारण में भी तेजी आएगी। सरकार का मानना है कि इससे कर्मचारियों का समय बचेगा और विभागीय कार्यप्रणाली भी अधिक प्रभावी बनेगी।

Bhavishya पोर्टल पर मिल रही हैं कई सुविधाएं

Bhavishya पोर्टल पहले से ही केंद्रीय कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति और पेंशन से जुड़ी कई ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। इसके माध्यम से कर्मचारी ई-पीपीओ (ePPO), पेंशन स्लिप, फॉर्म-16 और डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जैसी महत्वपूर्ण सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं। अब CGHS पेंशनर कार्ड की सुविधा जुड़ने के बाद यह पोर्टल रिटायरमेंट से संबंधित अधिकांश सेवाओं के लिए एकीकृत मंच बन गया है।

0 comments:

Post a Comment