AKTU के सहयोग से तैयार हुआ पोर्टल
इस पोर्टल को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) के सहयोग से विकसित किया गया है। इसके माध्यम से कंपनियां अपनी रिक्तियों की जानकारी सीधे पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगी। छात्र एक ही प्लेटफॉर्म पर नौकरी से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियां, जैसे पद का विवरण, योग्यता, आवेदन की अंतिम तिथि और कंपनी की जानकारी देख सकेंगे।
छात्रों को डिजिटल रिज्यूमे बनाने का मौका
पोर्टल पर छात्र अपनी शैक्षणिक योग्यता, सेमेस्टर के अंक, इंटर्नशिप, अप्रेंटिसशिप, प्रोजेक्ट और अन्य उपलब्धियों का विवरण दर्ज कर प्रोफेशनल डिजिटल रिज्यूमे तैयार कर सकेंगे। इसके बाद वे अपनी योग्यता के अनुसार विभिन्न कंपनियों में ऑनलाइन आवेदन भी कर सकेंगे। इससे भर्ती प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक आसान और व्यवस्थित होगी।
कंपनियों के लिए भी मिलेगा विशेष सुविधा
उद्योगों और कंपनियों के लिए पोर्टल पर अलग डैशबोर्ड तैयार किया गया है। कंपनियां अपना पंजीकरण कर भर्ती से जुड़ी जानकारी साझा कर सकेंगी। साथ ही वे आवेदन करने वाले छात्रों की प्रोफाइल देख सकेंगी, आवश्यक योग्यता के अनुसार उम्मीदवारों को फिल्टर कर उनके रिज्यूमे डाउनलोड कर सकेंगी। इससे योग्य उम्मीदवारों का चयन तेजी से हो सकेगा।
कॉलेजों को मिलेगा डिजिटल प्लेसमेंट सिस्टम
तकनीकी संस्थान और विश्वविद्यालय भी इस पोर्टल के जरिए अपने प्लेसमेंट रिकॉर्ड का डिजिटल प्रबंधन कर सकेंगे। चयनित छात्रों का डेटा सुरक्षित रखने, प्लेसमेंट रिपोर्ट तैयार करने और पूर्व प्लेसमेंट रिकॉर्ड को अपडेट करने जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। इससे संस्थानों की प्लेसमेंट प्रक्रिया अधिक सुव्यवस्थित बनेगी।
अब तक 35 कंपनियां और 1.27 लाख से ज्यादा छात्र जुड़े
सरकार के अनुसार, पोर्टल पर अब तक 35 कंपनियां पंजीकृत हो चुकी हैं, जबकि 1.27 लाख से अधिक तकनीकी छात्रों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया है। प्लेसमेंट प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित कॉलेजों को चयनित छात्रों की जानकारी भी पोर्टल पर अपलोड करनी होगी, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे।

0 comments:
Post a Comment