मुख्यमंत्री करेंगे योजना का शुभारंभ
योजना का राज्य स्तरीय शुभारंभ आगरा स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के खंदारी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस योजना की शुरुआत करेंगे। इसके साथ ही प्रदेश के सभी जिलों में भी समानांतर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक पात्र शिक्षकों को योजना की जानकारी और लाभ मिल सके।
हर जिले में बांटे जाएंगे कैशलेस कार्ड
सरकार ने निर्देश दिए हैं कि मुख्य कार्यक्रम के लाइव प्रसारण के बाद प्रत्येक जिले में चयनित लाभार्थियों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए जाएं। शुरुआती चरण में हर जिले में 20-20 पात्र शिक्षकों को जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कार्ड सौंपे जाएंगे। साथ ही सहायता प्राप्त और स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों की सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।
तैयारियों में जुटा प्रशासन
योजना के सफल संचालन के लिए सभी मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला स्तर पर क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारियों, नोडल प्राचार्यों और संबंधित विभागों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा तय की जा रही है, ताकि शुभारंभ के दिन किसी प्रकार की परेशानी न हो।
शिक्षकों को मिलेगा बड़ा लाभ
इस योजना का सबसे बड़ा उद्देश्य उच्च शिक्षा विभाग के पात्र शिक्षकों को इलाज के लिए आर्थिक चिंता से राहत देना है। कैशलेस सुविधा मिलने से शिक्षकों को अस्पताल में भर्ती होने या उपचार के दौरान तत्काल भुगतान की आवश्यकता नहीं होगी। इससे गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं तक उनकी पहुंच और आसान होगी।
शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों पर फोकस
राज्य सरकार का मानना है कि शिक्षकों का स्वास्थ्य बेहतर रहेगा तो शिक्षा व्यवस्था भी अधिक मजबूत होगी। इसी सोच के तहत मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना को लागू किया जा रहा है। सरकार को उम्मीद है कि यह पहल उच्च शिक्षा विभाग के हजारों शिक्षकों के लिए राहतभरी साबित होगी और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ समय पर मिल सकेगा।

0 comments:
Post a Comment