बिहार में मानसून की रफ्तार तेज, अगले 5 दिनों तक बरसेंगे बादल, किसानों के लिए खुशखबरी

पटना। बिहार में मौसम का मिजाज अब बदलने वाला है। राज्य में मानसून के सक्रिय होने के बाद अगले पांच दिनों तक कई इलाकों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, बिहार के सभी हिस्सों में मानसून का असर देखने को मिल रहा है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले कुछ दिनों में राज्य के अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान में करीब 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कमी आ सकती है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी 1 से 3 डिग्री तक गिरावट होने की संभावना है। इससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिलेगी।

कई जिलों में बारिश के आसार

बुधवार को बिहार के कई क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई गई है। दक्षिण मध्य बिहार के पटना, नालंदा, गया, नवादा, जहानाबाद, लखीसराय और बेगूसराय जैसे जिलों में मौसम बदलने के आसार हैं। वहीं दक्षिण पश्चिम बिहार के रोहतास, कैमूर, भोजपुर, बक्सर, अरवल और औरंगाबाद में भी बारिश हो सकती है।

इसके अलावा उत्तर बिहार के कई जिलों में भी बादल बरस सकते हैं। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर और मधुबनी में बारिश की संभावना बनी हुई है। उत्तर पूर्व बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा में भी कुछ स्थानों पर वर्षा हो सकती है।

9 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने राज्य के 9 जिलों में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी, शिवहर, कटिहार, पूर्णिया, बांका और भागलपुर में तेज बारिश के साथ आंधी और वज्रपात की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।

किसानों के लिए राहत की खबर

बारिश का यह दौर किसानों के लिए राहत लेकर आया है। मानसून की सक्रियता से धान समेत खरीफ फसलों की बुआई में तेजी आने की उम्मीद है। जिन इलाकों में बारिश का इंतजार किया जा रहा था, वहां खेती-किसानी के काम को गति मिल सकती है।

अगले कुछ दिन सुहाना रहेगा मौसम

बीते 24 घंटों में भी बिहार के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई है। कुछ जिलों में अच्छी बारिश हुई, जबकि कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक राज्य में कहीं ज्यादा तो कहीं कम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

0 comments:

Post a Comment