यूपी में शिक्षकों को बड़ी खुशखबरी, शासनादेश भी जारी

लखनऊ।  उत्तर प्रदेश के परिषदीय स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। यूपी शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 में शामिल होने वाले शिक्षकों को अब परीक्षा के दिन छुट्टी मिलेगी और यह अवकाश उनके वेतन के साथ दिया जाएगा। सरकार ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।

इस फैसले से प्रदेश के करीब 1.86 लाख से ज्यादा शिक्षकों को राहत मिलने की उम्मीद है, जो इस बार शिक्षक पात्रता परीक्षा में शामिल होने जा रहे हैं।

परीक्षा वाले दिन मिलेगा विशेष अवकाश

बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, यूपीटीईटी 2026 में भाग लेने वाले सेवारत शिक्षकों को उनकी परीक्षा की तारीख पर विशेष अवकाश दिया जाएगा। यानी जिस दिन शिक्षक की परीक्षा होगी, उसी दिन वह अवकाश लेकर बिना किसी परेशानी के परीक्षा केंद्र पहुंच सकेंगे। सरकार के इस फैसले से शिक्षकों को ड्यूटी और परीक्षा के बीच तालमेल बनाने में आसानी होगी।

2 से 4 जुलाई तक होगी परीक्षा

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से यूपीटीईटी 2026 का आयोजन 2, 3 और 4 जुलाई को किया जा रहा है। परीक्षा प्रदेश के 60 जिलों में आयोजित होगी। इस परीक्षा में बड़ी संख्या में बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक भी अभ्यर्थी के तौर पर शामिल हो रहे हैं।

शिक्षकों की मांग पर फैसला

काफी समय से परीक्षा में शामिल होने वाले शिक्षक अवकाश की मांग कर रहे थे। शिक्षकों का कहना था कि स्कूल की जिम्मेदारी और परीक्षा की तैयारी दोनों को संभालना मुश्किल हो रहा है। इसी को देखते हुए शासन ने विशेष अवकाश देने का निर्णय लिया है। अब परीक्षा देने वाले शिक्षक अपनी परीक्षा की तारीख के अनुसार छुट्टी ले सकेंगे।

0 comments:

Post a Comment