LPG सिलेंडर की कीमतों पर खुशखबरी, 1 जुलाई से लागू हुए नए दाम

न्यूज डेस्क। जुलाई महीने की शुरुआत आम लोगों और कारोबारियों के लिए राहत भरी खबर लेकर आई है। तेल कंपनियों ने 1 जुलाई 2026 से एलपीजी सिलेंडर की नई कीमतें जारी कर दी हैं। इस बार 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में कटौती की गई है।

हालांकि घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। यानी घरों में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलोग्राम वाले सिलेंडर पुराने रेट पर ही मिलेंगे। ऑयल मार्केटिंग कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी की कीमतों की समीक्षा करती हैं। इसी प्रक्रिया के तहत जुलाई में कमर्शियल सिलेंडर के दाम घटाए गए हैं।

2026 में पहली बार घटे दाम

इस साल कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली थी। जनवरी में जो सिलेंडर करीब 1,691 रुपये का था, उसकी कीमत बढ़ते-बढ़ते मई में 3 हजार रुपये के पार पहुंच गई थी। जून में भी कीमतों में बढ़ोतरी हुई थी, लेकिन जुलाई में कंपनियों ने पहली बार कटौती कर राहत दी है।

अलग-अलग शहरों में नई कीमतें

नई दरों के मुताबिक दिल्ली में 19 किलो वाला कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर अब 2,930 रुपये में मिलेगा। वहीं कोलकाता में इसकी कीमत घटकर 3,081.50 रुपये हो गई है। लखनऊ में कमर्शियल सिलेंडर की नई कीमत 3,052.50 रुपये और पटना में 3,227 रुपये तय की गई है। ये नई कीमतें 1 जुलाई 2026 से लागू हो चुकी हैं।

घरेलू गैस सिलेंडर पर नहीं मिली राहत

कमर्शियल सिलेंडर सस्ता होने के बावजूद घरेलू एलपीजी सिलेंडर के उपभोक्ताओं को इस बार कोई बदलाव नहीं मिला है। दिल्ली में घरेलू सिलेंडर 942 रुपये, कोलकाता में 968 रुपये, मुंबई में 941.50 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये की कीमत पर उपलब्ध है।

0 comments:

Post a Comment