यूपी में 6-लेन सड़क की मंजूरी, इन जिलों के लिए बड़ी खुशखबरी!

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सड़क यातायात को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। लखनऊ-सीतापुर हाईवे को 6-लेन में बदलने की योजना को NHAI मुख्यालय से सहमति मिल गई है। करीब 1,000 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाली यह परियोजना लगभग 63 किलोमीटर लंबी होगी। इससे लखनऊ और सीतापुर के बीच रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

ढाई घंटे की जगह 50 मिनट में पूरा होगा सफर

प्रस्तावित 6-लेन हाईवे बनने के बाद लखनऊ से सीतापुर का सफर मौजूदा समय के मुकाबले काफी कम हो सकता है। परियोजना पूरी होने पर दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय करीब 50 मिनट तक आने का अनुमान है। फिलहाल बढ़ते ट्रैफिक के कारण इस मार्ग पर कई जगह जाम की स्थिति बनती रहती है। यह हाईवे लखनऊ में आउटर रिंग रोड से शुरू होकर सीतापुर बाईपास तक जाएगा। वर्तमान में यह मार्ग 4-लेन का है, जिसे अब 6-लेन करने की योजना है।

इन इलाकों में बनेंगे फ्लाईओवर और अंडरपास

हाईवे पर यातायात को सुगम बनाने के लिए कई प्रमुख और व्यस्त स्थानों पर फ्लाईओवर व अंडरपास बनाए जाने की योजना है। बीकेटी, इटौंजा, सिधौली, अटरिया, लहरपुर और खैराबाद जैसे इलाकों में इनका निर्माण प्रस्तावित है। इससे स्थानीय वाहनों और हाईवे से गुजरने वाले तेज यातायात को अलग-अलग रास्ता मिल सकेगा।

100 किमी प्रति घंटे तक होगी रफ्तार

प्रस्तावित हाईवे पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ वाहनों की गति सीमा भी निर्धारित की जाएगी। कार, जीप और एसयूवी जैसे वाहनों के लिए अधिकतम गति 100 किलोमीटर प्रति घंटा, जबकि भारी व्यावसायिक वाहनों के लिए 80 किलोमीटर प्रति घंटा की सीमा प्रस्तावित है।

कैबिनेट की मंजूरी का इंतजार

NHAI मुख्यालय की सहमति के बाद अब परियोजना की DPR को सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के स्तर पर आगे बढ़ाया गया है। मंत्रालय की मंजूरी के बाद प्रस्ताव केंद्रीय कैबिनेट के सामने जाएगा। कैबिनेट से अंतिम स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू होने का रास्ता साफ होगा। इस परियोजना के पूरा होने से लखनऊ, सीतापुर और रास्ते में पड़ने वाले प्रमुख क्षेत्रों के लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने के साथ यात्रा का समय और जाम दोनों कम होने की उम्मीद है।

0 comments:

Post a Comment