बिहार के क्रिकेट प्रेमियों की बल्ले-बल्ले! ₹500 करोड़ में बनेगा इंटरनेशनल स्टेडियम

पटना। बिहार के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राजगीर के बाद अब पटना को भी एक आधुनिक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम मिलने की तैयारी है। पटना के मोइनुल हक स्टेडियम को नए सिरे से विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। खास बात यह है कि इसके पुनर्विकास पर होने वाला करीब 500 करोड़ रुपये का खर्च बिहार सरकार नहीं उठाएगी।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अनुसार, स्टेडियम के निर्माण का खर्च BCCI उठाएगा। बिहार सरकार की ओर से बोर्ड से बातचीत की गई थी और प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया गया है।

40 हजार दर्शकों की होगी क्षमता

प्रस्तावित क्रिकेट कॉम्प्लेक्स करीब 25 से 30 एकड़ में विकसित किया जाएगा। यहां दो क्रिकेट मैदान तैयार करने की योजना है। मुख्य स्टेडियम में करीब 40 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी। स्टेडियम तैयार होने के बाद पटना में बड़े घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के आयोजन की संभावनाएं बढ़ सकती हैं। IPL जैसे बड़े क्रिकेट टूर्नामेंट की मेजबानी के लिए भी यह सुविधा महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

खिलाड़ियों को मिलेंगी सुविधाएं

नए क्रिकेट कॉम्प्लेक्स में खिलाड़ियों की सुविधाओं पर भी खास ध्यान दिया जाएगा। यहां हाईटेक ड्रेसिंग रूम, जिम, स्विमिंग पूल और स्पा सेंटर जैसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है। इसके अलावा परिसर में करीब 9 से 16 क्रिकेट विकेट तैयार किए जाने का प्रस्ताव है। इससे खिलाड़ियों को मैच के साथ-साथ अभ्यास के लिए भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

करीब तीन साल में पूरा करने का लक्ष्य

स्टेडियम के पुनर्विकास का काम लगभग तीन साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। योजना के अनुसार सब कुछ समय पर आगे बढ़ा तो करीब 2029 तक पटना को नया आधुनिक क्रिकेट स्टेडियम मिल सकता है। स्टेडियम के तैयार होने से बिहार में बड़े क्रिकेट आयोजनों को बढ़ावा मिलने के साथ युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अभ्यास की सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

0 comments:

Post a Comment