बिहार में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 18 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट, बिजली गिरने की भी चेतावनी

पटना। बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने पटना समेत राज्य के 18 जिलों में बारिश और तेज हवा को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है और कुछ इलाकों में वज्रपात का खतरा भी बना रहेगा।

इन 18 जिलों में बारिश का अलर्ट

पटना, सिवान, गोपालगंज, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, बक्सर, भोजपुर और नालंदा समेत 18 जिलों में मौसम खराब होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है।

20 जिलों में उमस करेगी परेशान

राज्य के बाकी 20 जिलों में फिलहाल भारी बारिश की संभावना कम है, लेकिन यहां उमस भरी गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। कई जगह आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार 18 अगस्त को बिहार के कई हिस्सों में तेज बारिश हो सकती है।

छपरा में बारिश से जलजमाव

पिछले 24 घंटे में पटना, बेतिया, बक्सर और समस्तीपुर समेत कई इलाकों में बारिश हुई। छपरा में करीब 40 मिनट की बारिश के बाद कई सड़कों पर जलजमाव हो गया। कुछ स्थानों पर पानी दुकानों में भी घुस गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

मधुबनी में सबसे ज्यादा बारिश

बीते 24 घंटे में मधुबनी में सबसे अधिक 41 मिमी बारिश दर्ज की गई। हालांकि बिहार में अब तक मानसून की बारिश सामान्य से करीब 39 फीसदी कम है। मौसम विशेषज्ञों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में खासकर उत्तर बिहार में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

0 comments:

Post a Comment