बिहार में बनेगा रिंग रोड, इन 3 जिलों के लिए बड़ी खुशखबरी

पटना। बिहार की राजधानी पटना को जाम से राहत देने और उत्तर व दक्षिण बिहार के बीच आवागमन आसान बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। पटना रिंग रोड के कन्हौली-शेरपुर हिस्से में छह लेन ग्रीनफील्ड सड़क का निर्माण अक्टूबर से शुरू होने की उम्मीद है। करीब 9 किलोमीटर लंबी इस सड़क के लिए जमीन अधिग्रहण का काम तेजी से चल रहा है।

इस परियोजना पर करीब 778 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। केंद्र और राज्य सरकार इस लागत को आधा-आधा वहन कर रही हैं। परियोजना के लिए लगभग 177 एकड़ जमीन का अधिग्रहण होना है। इसमें करीब 71 एकड़ बिहटा और 105 एकड़ मनेर अंचल में है। संबंधित गांवों के रैयतों के दस्तावेजों की जांच के साथ मुआवजा देने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है।

पटना शहर को मिलेगी जाम से राहत

कन्हौली के पास बनने वाला जंक्शन कन्हौली-रामनगर, दानापुर-बिहटा और शेरपुर-कन्हौली मार्ग से जुड़ेगा। कन्हौली गोलंबर की ओर जाने के लिए करीब 1.5 किलोमीटर लंबा रैंप भी बनाया जाएगा। इसके बाद भारी वाहनों को पटना शहर में प्रवेश करने की जरूरत कम हो जाएगी।

छपरा, सीवान और मुजफ्फरपुर की तरफ से आने वाले मालवाहक वाहन शेरपुर-कन्हौली मार्ग के जरिए सीधे दक्षिण बिहार और झारखंड की ओर जा सकेंगे। इससे दानापुर, खगौल, सगुना मोड़ और बेली रोड पर ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है।

बिहटा और मनेर के लोगों को भी फायदा

छह लेन सड़क के बिहटा-दानापुर एलिवेटेड रोड से जुड़ने के बाद बिहटा एयरपोर्ट, आईआईटी पटना और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों तक पहुंच आसान हो सकती है। मनेर और बिहटा क्षेत्र के कई गांवों को भी बेहतर सड़क कनेक्टिविटी मिलेगी।

पटना, सारण और वैशाली से जुड़ेगा नेटवर्क

शेरपुर-कन्हौली सड़क का नेटवर्क पटना, सारण और वैशाली जिलों को जोड़ेगा। शेरपुर-दिघवारा के बीच बन रहे गंगा पुल से भी इसका संपर्क होगा। आगे यह मार्ग बिहटा-सरमेरा रोड और कच्ची दरगाह-बिदुपुर गंगा पुल से जुड़ेगा। दिघवारा से बिदुपुर के बीच चल रहा सड़क निर्माण पूरा होने के बाद उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।

0 comments:

Post a Comment