शिक्षकों के लिए बड़ी खुशखबरी! यूपी के सभी 75 जिलों में होगा लागू

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। योगी सरकार ने कक्षा 1 से 5 तक के शिक्षकों को पढ़ाई की बेहतर तैयारी और कक्षा गतिविधियों को व्यवस्थित करने के लिए संदर्शिका और शिक्षक डायरी उपलब्ध कराने का फैसला किया है। यह व्यवस्था प्रदेश के सभी 75 जिलों में लागू होगी।

इस पहल का मकसद शिक्षकों को पाठ की तैयारी, शिक्षण गतिविधियों की योजना और बच्चों की जरूरत के अनुसार पढ़ाई कराने में मदद करना है। इसके लिए समग्र शिक्षा की ओर से करीब 338.54 लाख रुपये की राशि जारी की गई है।

हिंदी और गणित के शिक्षकों को मिलेगा लाभ

कक्षा 1 से 5 तक हिंदी और गणित पढ़ाने वाले शिक्षकों को संदर्शिका और शिक्षक डायरी दी जाएगी। संदर्शिका के जरिए शिक्षक पाठ्यवस्तु को बेहतर तरीके से समझ सकेंगे और कक्षा में कराई जाने वाली गतिविधियों की योजना बना सकेंगे। वहीं शिक्षक डायरी का इस्तेमाल रोजाना और साप्ताहिक कक्षा कार्यों को व्यवस्थित करने में किया जा सकेगा।

कक्षा 6 से 8 के शिक्षकों के लिए भी संसाधन

उच्च प्राथमिक स्तर के शिक्षकों के लिए भी सरकार ने अलग से व्यवस्था की है। कक्षा 6 से 8 तक के परिषदीय स्कूलों और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के शिक्षकों के लिए करीब 42.61 लाख रुपये की राशि जारी की गई है। इससे उन्हें विषय और कक्षा की जरूरत के अनुसार अतिरिक्त शैक्षिक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।

समय पर स्कूलों तक पहुंचाई जाएगी सामग्री

सरकार ने शिक्षण सामग्री की आपूर्ति और स्कूलों तक वितरण समय पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शिक्षकों को शैक्षिक सत्र के दौरान जरूरी संसाधनों के लिए इंतजार न करना पड़े। सरकार का मानना है कि शिक्षक की बेहतर तैयारी का सीधा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ता है। संदर्शिका और शिक्षक डायरी की मदद से शिक्षक अपनी दैनिक और साप्ताहिक कार्ययोजना बेहतर तरीके से तैयार कर सकेंगे और विद्यार्थियों की सीखने की जरूरत के अनुसार कक्षा गतिविधियां संचालित कर पाएंगे।

0 comments:

Post a Comment