यूपी में अब मोबाइल पर DL समेत कई तरह की सुविधा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अब परिवहन से जुड़ी सेवाएं और भी आसान हो गई हैं। राज्य सरकार ने आम जनता और ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों के लिए एक बड़ी सुविधा शुरू की है, जिसके तहत ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन रजिस्ट्रेशन, चालान जानकारी और अन्य परिवहन सेवाएं अब व्हाट्सऐप चैटबॉट के जरिए उपलब्ध होंगी। इस नई पहल से लोगों को बार-बार आरटीओ ऑफिस के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

परिवहन विभाग ने आधिकारिक रूप से व्हाट्सऐप चैटबॉट सेवा नंबर 8005441222 पर शुरू कर दी है। इस सुविधा को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग को API एक्सेस भी प्रदान कर दी है, जिससे सेवाओं को सुरक्षित और रियल टाइम में उपलब्ध कराया जा सकेगा।

अब घर बैठे मिलेंगी ये सुविधाएं:

ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़ी जानकारी और सेवाएं, 

वाहन पंजीकरण विवरण, 

चालान की जानकारी और स्थिति, 

आवेदन की स्थिति की जांच, 

अन्य परिवहन संबंधी सामान्य सेवाएं। 

यह चैटबॉट सेवा 24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध रहेगी। उपयोगकर्ता कहीं से भी केवल व्हाट्सऐप पर मैसेज कर इन सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। यह पहल खासतौर से ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए फायदेमंद साबित होगी, जिन्हें अक्सर कार्यालय जाकर समय और संसाधन खर्च करने पड़ते हैं।

डिजिटल इंडिया की ओर एक और कदम

परिवहन विभाग के आयुक्त ब्रजेश नारायण सिंह ने बताया कि, “यह चैटबॉट सेवा उत्तर प्रदेश की परिवहन व्यवस्था को स्मार्ट, पारदर्शी और नागरिकों के लिए ज्यादा उत्तरदायी बनाएगी। यह पहल डिजिटल सशक्तिकरण और ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देने की दिशा में एक मील का पत्थर है।”

सुरक्षा और गोपनीयता का पूरा ध्यान

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस सेवा के तहत नागरिकों के डाटा की गोपनीयता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सभी सुरक्षा मानकों और डेटा प्रोटेक्शन गाइडलाइंस का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

0 comments:

Post a Comment